प्रदेश असंगठित कामगार कांग्रेस के उपाध्यक्ष सतनाम सिंह के नेतृत्व में सिस्टम इंडिया कंपनी के खिलाफ श्रम विभाग में शिकायत, कार्रवाई की मांग…
दुर्ग।अखिल भारतीय असंगठित कामगार एंड कर्मचारी कांग्रेस (KKC) के प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष सतनाम सिंह के नेतृत्व में संगठन के पदाधिकारियों ने जामुल औद्योगिक क्षेत्र स्थित सिस्टम इंडिया प्राइवेट लिमिटेड में हुई ठेका मजदूर की मौत के मामले में श्रम विभाग को ज्ञापन सौंपकर कंपनी एवं ठेकेदार के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
ज्ञापन में बताया गया कि 6 जुलाई 2026 को ACC चौक, जामुल स्थित सिस्टम इंडिया प्राइवेट लिमिटेड में ठेकेदार कन्हैया सिंह के अधीन कार्यरत मजदूर शिव कुमार सोनी प्लांट के भीतर लगभग 50 फीट ऊंचाई पर कार्य कर रहे थे। आरोप है कि मजदूर से बिना आवश्यक सुरक्षा उपकरण (सेफ्टी बेल्ट, हेलमेट एवं अन्य सुरक्षा व्यवस्था) के काम कराया जा रहा था। इसी दौरान दुर्घटना में शिव कुमार सोनी की मृत्यु हो गई।
संगठन का आरोप है कि कंपनी एवं ठेकेदार द्वारा सुरक्षा मानकों की गंभीर अनदेखी की गई, जिसके कारण एक मजदूर की जान चली गई। इस घटना से मृतक के परिवार पर आर्थिक संकट आ गया है। यदि समय रहते सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित नहीं की गई तो भविष्य में और भी बड़े हादसे हो सकते हैं।
KKC ने श्रम विभाग से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर सिस्टम इंडिया प्राइवेट लिमिटेड एवं संबंधित ठेकेदार के विरुद्ध श्रम एवं औद्योगिक सुरक्षा नियमों के तहत कठोर कार्रवाई की जाए तथा मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा एवं न्याय दिलाया जाए।
इस दौरान प्रदेश सचिव राम सूर्यवंशी (चरोदा नगर निगम पार्षद), स्टेट कॉर्डिनेटर लखपति सोना, ललित साहू, **प्रेमप्रकाश मिश्रा, ऋषभ तिवारी सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
प्रतिनिधिमंडल ने श्रम विभाग की उप संचालक पायल शर्मा को ज्ञापन सौंपकर शीघ्र कार्रवाई की मांग की।
