RIT कॉलेज में गूंजी छात्रों की आवाज़, देवेंद्र यादव बोले, “युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ अब बर्दाश्त नहीं”…
रायपुर/भिलाई। RIT कॉलेज, रायपुर में आयोजित “छात्रों की गूंज” छात्र संवाद कार्यक्रम में भिलाई विधायक एवं AICC के राष्ट्रीय सचिव देवेंद्र यादव ने छात्र-छात्राओं से सीधा संवाद किया। इस दौरान उन्होंने छात्रों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और शिक्षा, रोजगार तथा प्रतियोगी परीक्षाओं से जुड़े मुद्दों पर खुलकर अपनी बात रखी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए देवेंद्र यादव ने कहा कि आज देश और प्रदेश का युवा पेपर लीक, भ्रष्ट परीक्षा प्रणाली और बढ़ती बेरोजगारी से परेशान है। उन्होंने कहा कि युवाओं के भविष्य के साथ हो रहे इस खिलवाड़ को अब और बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उन्होंने कहा,”RIT कॉलेज के हमारे युवा साथियों ने जिस बेबाकी से अपनी समस्याओं को रखा है, वह इस बात का प्रमाण है कि छात्र अब अपने अधिकारों के प्रति पूरी तरह जागरूक हो चुके हैं।”
देवेंद्र यादव ने आगे कहा कि “छात्रों की आवाज़ को हर मंच पर मजबूती से उठाना और उनके अधिकारों की लड़ाई को आगे बढ़ाना ही ‘छात्रों की गूंज’ अभियान का मुख्य संकल्प है। हम छात्रों के हक की लड़ाई पूरी मजबूती से लड़ेंगे।”
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने भाग लेकर शिक्षा व्यवस्था, रोजगार, प्रतियोगी परीक्षाओं और युवाओं से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर अपनी बात रखी। छात्र संवाद के माध्यम से युवाओं ने अपनी समस्याओं और सुझावों को सीधे विधायक के सामने रखा।
इस कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ प्रदेश युवा कांग्रेस अध्यक्ष आकाश शर्मा, प्रदेश NSUI अध्यक्ष नीरज पांडे के साथ बड़ी संख्या में युवा मौजूद थे।