जंतर-मंतर, नई दिल्ली में प्रदर्शन की कवरेज के दौरान पत्रकारों के साथ हुई हिंसा…
जंतर-मंतर, नई दिल्ली में प्रदर्शन की कवरेज के दौरान पत्रकारों के साथ हुई हिंसा, दुर्व्यवहार एवं उन्हें सुनियोजित ढंग से निशाना बनाए जाने की घटना को लेकर न्यू प्रेस क्लब ऑफ भिलाई नगर के द्वारा कड़े शब्दों में निंदा किया गया है। प्रेस क्लब भवन में इसको लेकर एक निंदा प्रस्ताव लाया गया। जिसमें
प्रेस क्लब अध्यक्ष अनिल गुप्ता ने कहा की प्रदर्शन की कवरेज कर रहे पत्रकारों पर हमला, उनके साथ मारपीट, अभद्र व्यवहार, समाचार संकलन में बाधा उत्पन्न करना तथा भय का वातावरण बनाना लोकतांत्रिक मूल्यों, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और स्वतंत्र पत्रकारिता पर सीधा हमला है। किसी भी परिस्थिति में पत्रकारों के साथ इस प्रकार की हिंसा स्वीकार्य नहीं हो सकती।
प्रेस क्लब के महासचिव दिलीप शर्मा ने कहा कि न्यू प्रेस क्लब ऑफ भिलाई नगर भी मांग करता है कि इस घटना की निष्पक्ष एवं त्वरित जांच कर दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए तथा भविष्य में कवरेज के दौरान पत्रकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रभावी व्यवस्था की जाए।
प्रेस क्लब के सचिव जोगिंदर सिंह गौकरण निषाद सहसचिव भोपाल देवांगन कार्यकारिणी सदस्य पी मोहन ,सुरेंद्र ठाकुर राजकुमार आर्य वरिष्ठ पत्रकार, आर बी केसरवानी, राजेंद्र गोस्वामी और संतोष तिवारी ने भी बारी बारी से संबोधित करते हुए कहा कि पत्रकार लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में अपनी जिम्मेदारी निभाते हैं। उनके साथ किसी भी प्रकार की हिंसा, धमकी या उत्पीड़न पूरे लोकतांत्रिक तंत्र के लिए गंभीर चिंता का विषय है।
प्रेस क्लब इस घटना की सर्वसम्मति से निंदा करते हुए पत्रकारों की सुरक्षा, सम्मान और निर्भीक कार्य वातावरण सुनिश्चित करने की मांग करता है तथा देशभर के पत्रकार संगठनों से इस मुद्दे पर एकजुट होकर आवाज़ उठाने का आह्वान करता है।
