भिलाई महिला महाविद्यालय के शिक्षा विभाग में कारगिल विजय दिवस के उपलक्ष्य में भाषण प्रतियोगिता का आयोजन…
भिलाई महिला महाविद्यालय, भिलाई के शिक्षा विभाग द्वारा बी.एड. तृतीय सेमेस्टर की छात्राओं के लिए कारगिल विजय दिवस के उपलक्ष्य में भाषण प्रतियोगिता का आयोजन गरिमामय वातावरण में किया गया। प्रतियोगिता का उद्देश्य छात्राओं में राष्ट्रप्रेम, देशभक्ति, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास तथा प्रभावी अभिव्यक्ति कौशल का विकास करना था।कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय की प्राचार्या श्रीमती प्रतिभा छाया क्लॉडियस ने की। उन्होंने अपने उद्बोधन में कहा कि कारगिल विजय दिवस हमारे वीर सैनिकों के अदम्य साहस, शौर्य एवं बलिदान का प्रतीक है। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में राष्ट्रीय चेतना, अनुशासन एवं देश के प्रति समर्पण की भावना को सुदृढ़ करते हैं। शिक्षा विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. मोहना सुशांत पंडितने कारगिल विजय दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएँ छात्राओं के व्यक्तित्व विकास, वाक्-कौशल तथा राष्ट्रीय मूल्यों के संवर्धन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। प्रतियोगिता में बी.एड. तृतीय सेमेस्टर की छात्राएँ काजल साहू, रितिका यादव, राजलक्ष्मी,भीनी ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार एस. मानसी, द्वितीय पुरस्कार – आकांक्षा बगमरिया, तृतीय पुरस्कार भारती को प्रदान किया गया। वहीं रजनी एवं अमरिका को सांत्वना पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का प्रभावी संचालन बी.एड. तृतीय सेमेस्टर की छात्रा हर्षजीत कौर गिल ने किया। श्रीमती नाज़नीन बेग कार्यक्रम की प्रभारी रहीं। इस अवसर पर शिक्षा विभाग की सहायक प्राध्यापिकाएँ डॉ हेमलता सिदार, डॉ. भावना चौहान, श्रीमती आशा साहू ,श्रीमती रोमा टंडन एवं श्रीमती नेहा श्रीवास्तव उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम का समापन कारगिल के अमर वीरों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए राष्ट्रभक्ति एवं राष्ट्रीय एकता की भावना को आत्मसात करने के संदेश के साथ हुआ।

