काफिले को रोककर जान से मारने की धमकी! छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना के जिला अध्यक्ष ने दर्ज कराई एफआईआर…
- अमलेश्वर में प्रदेश बैठक से लौट रहे नेताओं का रास्ता रोकने का आरोप, 10-11 युवकों पर गंभीर धाराओं में मामला दर्ज
भिलाई। छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना के जिला अध्यक्ष जोगेश्वर वर्मा की शिकायत पर अमलेश्वर थाना पुलिस ने रास्ता रोककर गाली-गलौज, जान से मारने की धमकी और आपराधिक बल प्रयोग के आरोप में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 126(2), 296, 351(3) और 3(5) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
प्रदेश बैठक से लौटते समय हुई घटना
एफआईआर के अनुसार, 25 जुलाई 2026 को जोगेश्वर वर्मा अमलेश्वर में आयोजित प्रदेश बैठक में शामिल होने गए थे। उनके साथ छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना की महिला जिला अध्यक्ष रूपकला श्रीवास, रश्मि कोशल तथा राहुल वर्मा भी मौजूद थे। बैठक समाप्त होने के बाद सभी लोग अपनी कार से वापस लौट रहे थे।
दो कारों ने रोका रास्ता, हथियार लेकर उतरे युवक
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि शाम करीब 7:30 बजे ग्राम पाहंदा के आगे परसदा नाले के पास एक काले रंग की फॉर्च्यूनर (CG04LQ 7777) और एक सफेद रंग की स्कॉर्पियो ने उनकी कार का रास्ता रोक लिया। इसके बाद दोनों वाहनों से 10 से 11 युवक धारदार हथियार लेकर उतरे और गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देने लगे।
किसी तरह मौके से निकले, अगले दिन थाने पहुंचे
शिकायतकर्ता के अनुसार, उन्होंने किसी तरह वाहन आगे बढ़ाकर वहां से अपनी जान बचाई। घटना के समय उनके साथ महिला पदाधिकारी भी मौजूद थीं, इसलिए सुरक्षा को देखते हुए तत्काल किसी प्रकार का विवाद नहीं किया गया। अगले दिन 26 जुलाई 2026 को उन्होंने अमलेश्वर थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई।
गंभीर धाराओं में अपराध दर्ज, जांच शुरू
पुलिस ने शिकायत के आधार पर BNS की धारा 126(2), 296, 351(3) और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। प्रकरण की जांच प्रारंभ कर दी गई है और आरोपों की पुष्टि के लिए आगे की कार्रवाई की जा रही है।

