7.1 तीव्रता के भूकंप से जापान में तबाही का मंजर, दूसरे दिन भी रेस्क्यू जारी, 13 की मौत…
- जापान के दक्षिणी द्वीप क्यूशू में आए 7.1 तीव्रता के शक्तिशाली भूकंप ने भारी तबाही मचाई है. शॉपिंग मॉल और फैक्ट्री ढहने के बाद मलबे में फंसे लोगों को निकालने के लिए बड़े पैमाने पर बचाव अभियान जारी है. इस बीच एक दर्जन से ज्यादा लोगों के मारे जाने की पुष्टि हुई है.
- जापान में मंगलवार को तीव्र भूकंप आए थे.
नई दिल्ली,29 जुलाई 2026: जापान के दक्षिणी मुख्य द्वीप क्यूशू में मंगलवार को आए 7.1 तीव्रता के शक्तिशाली भूकंप ने भारी तबाही मचा दी. जापान की प्रधानमंत्री सनाए ताकाइची ने बताया कि इस आपदा में अब तक 13 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि कई लोग घायल हैं और कई अब भी लापता हैं. प्रभावित इलाकों में बड़े पैमाने पर राहत और बचाव अभियान जारी है.
भूकंप के सबसे ज्यादा असर वाले कुमामोतो प्रांत के काशिमा टाउन में स्थित एयॉन मॉल की दूसरी मंजिल ढह गई. शुरुआती जानकारी के मुताबिक गैस रिसाव के बाद हुए विस्फोट से यह हादसा हुआ. मलबे से चार लोगों को घायल अवस्था में बाहर निकाला गया, जबकि कई लोगों के फंसे होने की आशंका है. राहत दल लगातार मलबा हटाने में जुटे हैं.
40°C पहुंचते ही बदला सिस्टम! जापान में पहली बार घोषित हुआ ‘ब्रूटली हॉट डे’
यात्सुशिरो स्थित निप्पॉन पेपर इंडस्ट्रीज की फैक्ट्री में एक विशाल चिमनी गिरने से कई कर्मचारी मलबे में दब गए. अधिकारियों के मुताबिक, यहां भी रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है. पूरे कुमामोतो और आसपास के इलाकों में 2.6 लाख से ज्यादा लोगों को एहतियातन सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी गई है.
सुनामी का अलर्ट जापान के मौसम विभाग ने वापस लिया
भूकंप के बाद सुनामी की चेतावनी भी जारी की गई थी, लेकिन हालात का आकलन करने के बाद जापान मौसम विज्ञान एजेंसी ने करीब दो घंटे के भीतर इसे वापस ले लिया. हालांकि, एजेंसी ने लोगों से अगले दो से तीन दिनों तक आफ्टरशॉक की आशंका को देखते हुए सतर्क रहने की अपील की है.
प्रधानमंत्री सना ताकाइची ने बताया कि कई सड़कों, पुलों और इमारतों को नुकसान पहुंचा है. कुछ इलाकों में बिजली गुल होने और आग लगने की भी खबरें हैं. हालांकि, आसपास स्थित तीन परमाणु ऊर्जा संयंत्रों में किसी तरह की गड़बड़ी नहीं मिली है.
कार कंपनियों ने रोका अपना संचालन
भूकंप का असर उद्योग और परिवहन सेवाओं पर भी पड़ा है. टोयोटा, होंडा और निप्पॉन पेपर ने अपने कई प्लांट्स का संचालन अस्थायी रूप से रोक दिया है. क्यूशू में शिंकानसेन बुलेट ट्रेन और स्थानीय रेल सेवाएं सुरक्षा जांच के लिए रोक दी गई हैं, जबकि कुमामोतो एयरपोर्ट का रनवे भी बंद कर दिया गया है. जापान के रक्षा मंत्रालय ने हालात का जायजा लेने और राहत कार्यों में मदद के लिए सैन्य विमान भी तैनात किए हैं.
—- समाप्त —-