भिलाई की सड़कों एवं नेशनल हाईवे पर आवारा मवेशियों के खौफ पर AAP का हल्लाबोल: नगर निगम आयुक्त को सौंपा ज्ञापन; 24×7 रेस्क्यू टीम की मांग…
सड़कों और राष्ट्रीय राजमार्ग (NH) पर आवारा एवं हिंसक मवेशियों के बढ़ते जमावड़े के कारण हो रही भीषण दुर्घटनाओं तथा आम नागरिकों व मासूम बच्चों पर हो रहे हमलों को रोकने के लिए आम आदमी पार्टी (जिला दुर्ग) ने नगर पालिक निगम भिलाई के आयुक्त को एक ज्ञापन सौंपा है।
मामले पर चिंता व्यक्त करते हुए जिला कार्यकारी अध्यक्ष जसप्रीत सिंह ने कहा, “बारिश के इस मौसम में स्थिति अत्यंत भयावह और जानलेवा हो चुकी है। रात के अंधेरे में सड़कों पर बैठे मवेशी दिखाई न देने के कारण आए दिन गाड़ियां दुर्घटनाग्रस्त हो रही हैं। खुर्सीपार के बीएसपी क्षेत्रों, सुपेला, स्मृति नगर, दक्षिण गंगोत्री, मोरया टॉकीज और गदा चौक जैसे व्यस्ततम इलाकों में हिंसक आवारा मवेशी खुलेआम घूम रहे हैं जो आम राहगीरों और मासूम बच्चों पर हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर रहे हैं। पूर्व में भी ऐसी लापरवाही से कई नागरिक गंभीर चोटें खा चुके हैं और अकाल मृत्यु तक हुई है।”
जसप्रीत सिंह ने आगे कहा, “जब NHAI और संबंधित एजेंसियां आम जनता से सुगम और निर्बाध आवागमन के नाम पर पूरा टोल वसूलती हैं, तो राहगीरों की सुरक्षा और मवेशी-मुक्त मार्ग देना भी NHAI तथा स्थानीय निकाय की संयुक्त जिम्मेदारी है। जब तक नेशनल हाईवे को मवेशियों से मुक्त नहीं कर दिया जाता, तब तक आम जनता को असुविधा के एवज में टोल टैक्स में 50% की विशेष छूट (बाधा शुल्क) दी जानी चाहिए।”
वहीं, मेहरबान सिंह ने कहा, “प्रशासन द्वारा आवारा मवेशियों को हटाने के नाम पर केवल खानापूर्ति की जा रही है। निगम की टीम के हटते ही कुछ ही घंटों में स्थिति पुनः वैसी ही हो जाती है। हमारी मांग है कि दुर्घटना में घायल चालकों एवं घायल मवेशियों के इलाज के लिए NHAI और नगर निगम की 24×7 संयुक्त मेडिकल रेस्क्यू टीम तैनात की जाए। इसके साथ ही मवेशियों की सूचना देने के लिए समर्पित हेल्पलाइन नंबर जारी कर प्रमुख चौराहों पर डिस्प्ले बोर्ड्स लगाए जाएं और संवेदनशील इलाकों में निरंतर गश्त करने वाली विशेष काऊ-कैचर टीम तैनात की जाए।”
आम आदमी पार्टी की प्रमुख मांगें:
टोल टैक्स में 50% बाधा शुल्क छूट (Relief Discount): जब तक NHAI और नगर निगम मिलकर राष्ट्रीय राजमार्ग से आवारा मवेशियों को हटाकर सड़क बाधामुक्त नहीं करते, तब तक टोल में 50% की विशेष छूट दी जाए।
24×7 संयुक्त मेडिकल रेस्क्यू टीम: दुर्घटनाओं में घायल वाहन चालकों व मवेशियों के तत्काल उपचार हेतु आपातकालीन एम्बुलेंस व प्राथमिक चिकित्सा टीम तैनात की जाए।
समर्पित हेल्पलाइन एवं डिस्प्ले बोर्ड: आवारा मवेशियों की सूचना देने हेतु हेल्पलाइन नंबर जारी कर मुख्य चौराहों पर प्रदर्शित किया जाए।
24×7 विशेष काऊ-कैचर दस्ता: खुर्सीपार, स्मृति नगर, सुपेला, दक्षिण गंगोत्री आदि संवेदनशील क्षेत्रों से हिंसक मवेशियों को हटाने के लिए निरंतर गश्त करने वाली टीमें तैनात की जाएं।
आम आदमी पार्टी के नेताओं ने चेतावनी दी है कि यदि नगर निगम भिलाई और NHAI प्रशासन जनहित के इस संवेदनशील मुद्दे पर त्वरित और ठोस कदम नहीं उठाता है, तो आम जनता व मासूम मवेशियों की सुरक्षा हेतु उग्र आंदोलन किया जाएगा।
ज्ञापन देने वालों में पुरुषोत्तम राजपुत ,बलविंदर सिंह, रऊफ अंसारी, रामपाल, धर्मेंद्र चौधरी, शिवा शेट्टी, देवेंद्र बिजलेकर, अविनाश, जसप्रीत सिंह, मेहरबान सिंह कई लोग आम आदमी पार्टी के लोग उपस्थित थे और नारेबाजी कर रहे थे।
