संयंत्र के आरसीएल विभाग के 15 कार्मिक ‘कर्म शिरोमणि’ पुरस्कार से सम्मानित…
सेल- भिलाई इस्पात संयंत्र के मानव संसाधन (एम एंड यू) विभाग द्वारा विगत दिनों में आरसीएल विभाग में कार्यरत कार्मिकों के लिए ‘कर्म शिरोमणि’ पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य निष्पादन, समर्पण एवं गुणवत्ता के प्रति प्रतिबद्धता के लिए आरसीएल विभाग के 15 कार्मिकों को सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि मुख्य महाप्रबंधक (आरसीएल) श्री राहुल श्रीवास्तव तथा महाप्रबंधक (आरसीएल) श्री सिद्धार्थ मुखोपाध्याय ने सम्मानित कार्मिकों को बधाई देते हुए कहा कि भिलाई इस्पात संयंत्र की प्रगति एवं उपलब्धियों में कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने कहा कि सुरक्षित, संतोषजनक एवं समर्पित वातावरण में कार्य करने वाला कर्मचारी न केवल अपनी कार्यकुशलता बढ़ाता है, बल्कि संयंत्र की उत्पादकता एवं गुणवत्ता को भी नई ऊँचाइयों तक ले जाता है। उन्होंने कार्मिकों का आह्वान किया कि वे अपने उत्कृष्ट कार्य से अन्य साथियों को भी प्रेरित करें।
कार्यक्रम में अन्य वरिष्ठ अधिकारियों एवं महाप्रबंधकों ने भी कार्मिकों को संबोधित करते हुए उनके उत्कृष्ट योगदान की सराहना की तथा उन्हें भविष्य में भी गुणवत्ता एवं कार्य उत्कृष्टता की इसी भावना के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि सम्मानित कार्मिकों ने अपने समर्पण, जिम्मेदारी एवं उत्कृष्ट कार्यशैली के आधार पर इस प्रतिष्ठित पुरस्कार के लिए स्वयं को योग्य सिद्ध किया है।
इस अवसर पर श्री अनिमेश घोष, श्री संजीव कुमार, श्री रामलखन रत्नाकर, श्री निरंजन सिंह, श्री नैवेधम, श्री त्रिलोकी नाथ वर्मा, श्री ओंकार नाथ, श्री विजय कुमार अगाशे, श्री प्रवीण कुमार कनौजे, श्री राजेश कुमार चंद्राकर, श्री ओम प्रकाश साहू, श्री हलीम अंसारी, श्री योगेश दिल्लीवार, श्री त्रिलोचन प्रसाद सेन तथा श्री प्रेम लाल चंद्राकर को ‘कर्म शिरोमणि’ पुरस्कार से सम्मानित किया गया। सम्मान स्वरूप उन्हें प्रशस्ति पत्र, स्मृति चिह्न, उनके जीवनसाथी के नाम प्रशंसा पत्र प्रदान किए गए।
कार्यक्रम में आरसीएल विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, अनुभाग प्रमुख एवं बड़ी संख्या में कार्मिक उपस्थित रहे। आयोजन की व्यवस्थाओं में यांत्रिकी विभाग के अनुभाग सहायक श्री अजय मधुकर पाटिल का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम का संचालन कनिष्ठ प्रबंधक (मानव संसाधन–एम एंड यू) श्री बी. गोपाल राव ने किया व धन्यवाद ज्ञापन अनुभाग अधिकारी (मानव संसाधन–एम एंड यू) सुश्री तनुश्री डे ने दिया।
——–
