व्यापार, युवा एवं स्वावलंबन को नई दिशा देगा चेम्बर का वार्षिक अभियान…
भिलाई। छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज, भिलाई एवं स्वावलंबी भारत अभियान के संयुक्त तत्वावधान में वर्ष 2026 के शेष महीनों में व्यापार, उद्योग, युवा जागरूकता एवं स्थानीय बाजारों को प्रोत्साहन देने के उद्देश्य से विभिन्न जनहितैषी कार्यक्रमों की श्रृंखला आयोजित की जाएगी।
यह आयोजन प्रदेश महामंत्री अजय भसीन व भिलाई चेम्बर अध्यक्ष गार्गी शंकर मिश्रा के नेतृत्व में आयोजन सम्पन्न होंगे।
अजय भसीन ने इन आयोजनों का उद्देश्य व्यापारियों के हितों की रक्षा, युवाओं को स्वावलंबन के लिए प्रेरित करना तथा समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाना है।
अभियान की शुरुवात हो चुकी है।16 जुलाई से कर्मकार व्यक्तित्व विकास प्रशिक्षण शिविर प्रारंभ हुआ था आज इस शिविर का द्वितीय सत्र का समापन हुआ।इस शिविर में विभिन्न प्रतिष्ठान के कर्मकारो ने प्रशिक्षण लिया।
इस अभियान की शुरुआत अगस्त माह से होगी। 22 अगस्त से 2 अक्टूबर तक शहर के 10 स्कूलों एवं 10 महाविद्यालयों में “ज़िंदगी न मिलेगी दोबारा” विषय पर विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों के वक्ता विद्यार्थियों को स्वावलंबन, भारतीय संस्कार, नैतिक जिम्मेदारी, व्यक्तित्व विकास, राष्ट्र निर्माण तथा जीवन में सही दिशा के महत्व पर प्रेरक विचारों से अवगत कराएंगे। इसका उद्देश्य युवाओं को जागरूक, जिम्मेदार एवं आत्मनिर्भर नागरिक बनाना है।
इसी क्रम में देश के भविष्य माने जाने वाले Gen Z वर्ग के 30 चयनित युवाओं को 17 अगस्त से 23 अगस्त तक अहमदाबाद के अध्ययन भ्रमण पर ले जाया जाएगा। इस यात्रा के दौरान उन्हें भविष्य के व्यापार एवं उद्योग, नवाचार, स्टार्टअप, आधुनिक तकनीक तथा उद्यमिता के नए अवसरों की जानकारी दी जाएगी, जिससे वे आने वाले समय की चुनौतियों और संभावनाओं को समझ सकें।
अक्टूबर माह में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में “कर्मकार महोत्सव” आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर ऐसे 25 कर्मकारों का सम्मान किया जाएगा, जिन्होंने एक ही प्रतिष्ठान में 25 वर्षों से अधिक समय तक निष्ठा, समर्पण और ईमानदारी के साथ सेवाएँ दी हैं। यह सम्मान कर्मकारों के योगदान को समाज के सामने सम्मानपूर्वक प्रस्तुत करने का प्रयास होगा।
नवंबर माह में दीपोत्सव के अवसर पर “आया त्योहार, चलो बाज़ार” अभियान आयोजित किया जाएगा। इस अभियान के माध्यम से आमजन को स्थानीय बाजारों से खरीदारी करने, स्थानीय व्यापारियों को प्रोत्साहित करने तथा ऑनलाइन खरीदारी पर अत्यधिक निर्भरता कम करने का संदेश दिया जाएगा। अभियान का उद्देश्य “वोकल फॉर लोकल” की भावना को मजबूत करते हुए स्थानीय अर्थव्यवस्था को गति प्रदान करना है।
छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज, भिलाई ने सभी व्यापारियों, उद्योगपतियों, विद्यार्थियों एवं नागरिकों से इन आयोजनों में सक्रिय सहभागिता निभाने की अपील करते हुए कहा है कि सामूहिक प्रयासों से ही आत्मनिर्भर भारत और सशक्त व्यापारिक वातावरण का निर्माण संभव है।
प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से सूचना शंकर सचदेव ने दी।