भिलाई महिला महाविद्यालय में नवप्रवेशित छात्राओं का दीक्षारंभ कार्यक्रम संपन्न…
भिलाई, 3 अगस्त। भिलाई महिला महाविद्यालय के रूसा हॉल में 3 अगस्त को शैक्षणिक सत्र 2026-27 के अंतर्गत विभिन्न संकायों एवं पाठ्यक्रमों की प्रथम सेमेस्टर की नवप्रवेशित छात्राओं के लिए दीक्षारंभ कार्यक्रम का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को महाविद्यालय के शैक्षणिक वातावरण, विभिन्न गतिविधियों, छात्र कल्याण योजनाओं एवं उपलब्ध सुविधाओं से परिचित कराना तथा उनके सर्वांगीण विकास के लिए प्रेरित करना था।
कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय की प्राचार्य श्रीमती प्रतिभा छाया क्लॉडियस के प्रेरणादायी उद्बोधन से हुआ। उन्होंने छात्राओं का स्वागत करते हुए महाविद्यालय की शैक्षणिक, सांस्कृतिक, खेल, शोध एवं व्यक्तित्व विकास से संबंधित विभिन्न गतिविधियों, समितियों एवं प्रकोष्ठों की जानकारी दी तथा अनुशासन, नियमित अध्ययन, आत्मविश्वास एवं सकारात्मक सोच के साथ जीवन में उत्कृष्ट उपलब्धियाँ प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर उपप्राचार्य डॉ. आशारानी दास, महाविद्यालय के सभी विभागाध्यक्ष एवं विभिन्न विभागों के प्राध्यापकगण उपस्थित रहे। विभागवार आयोजित परिचय सत्र में सभी शिक्षकों ने छात्राओं का आत्मीय स्वागत करते हुए उन्हें शुभकामनाएँ एवं आशीर्वचन प्रदान किए। छात्राओं ने अपना परिचय देते हुए अपनी रुचियों एवं हॉबी के बारे में जानकारी साझा की।
कार्यक्रम के दौरान संबंधित प्रभारियों द्वारा छात्राओं को छात्रवृत्ति योजनाओं एवं आवेदन प्रक्रिया, राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS), स्काउट एवं गाइड, खेल गतिविधियों एवं खेल सुविधाओं, स्वयं (SWAYAM) एवं स्वयं प्लस (SWAYAM Plus) ऑनलाइन शिक्षण प्लेटफॉर्म, My Bharat Portal पर पंजीयन, एंटी रैगिंग सेल एवं रैगिंग निषेध संबंधी नियमों तथा महाविद्यालय की विभिन्न छात्र कल्याण योजनाओं, समितियों एवं प्रकोष्ठों की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। छात्राओं को इन सभी सुविधाओं एवं अवसरों का अधिकतम लाभ उठाकर अपने शैक्षणिक, सामाजिक एवं व्यक्तित्व विकास के लिए सक्रिय रूप से सहभागिता करने के लिए प्रेरित किया गया।
महाविद्यालय के क्रीड़ा अधिकारी ने छात्राओं को खेल सुविधाओं, नियमित खेल प्रशिक्षण तथा विभिन्न प्रतियोगिताओं में सहभागिता के अवसरों की जानकारी दी। कार्यक्रम के अंत में राष्ट्रगान का सामूहिक गायन किया गया। तत्पश्चात उपप्राचार्य डॉ. आशारानी दास ने नवप्रवेशित छात्राओं को महाविद्यालय परिसर का भ्रमण कराते हुए विभिन्न विभागों, प्रयोगशालाओं, पुस्तकालय, स्मार्ट कक्षाओं, खेल परिसर एवं अन्य सुविधाओं से परिचित कराया।
दीक्षारंभ कार्यक्रम के माध्यम से नवप्रवेशित छात्राओं का महाविद्यालय परिवार में आत्मीय स्वागत किया गया तथा उनके उज्ज्वल एवं सफल भविष्य की मंगलकामनाओं के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
