बीजापुर के व्यापारियों के साथ जीएसटी विषयक संवाद कार्यक्रम का आयोजन।।
बीजापुर। राज्य कर विभाग, जगदलपुर संभाग द्वारा बीजापुर के व्यापारियों एवं व्यवसायियों के साथ जीएसटी संबंधी जागरूकता एवं संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में संभागीय संयुक्त आयुक्त (राज्य कर) मंगेश कारेकर ने व्यापारियों को जीएसटी के विभिन्न प्रावधानों, समय पर रिटर्न दाखिल करने, करों के नियमित भुगतान, ई-वे बिल, ई-इनवॉइस तथा स्वैच्छिक कर अनुपालन के महत्व पर विस्तारपूर्वक जानकारी प्रदान की।उन्होंने व्यापारियों की समस्याओं एवं सुझावों को गंभीरतापूर्वक सुना तथा विभाग की ओर से आवश्यक सहयोग एवं मार्गदर्शन का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर राजेश कुमार मधुकर, राज्य कर अधिकारी (State Tax Officer), बिजनेस इंटेलिजेंस यूनिट (BIU), जगदलपुर संभाग द्वारा जीएसटी कानून के प्रमुख प्रावधानों, कर अपवंचन की रोकथाम, समुचित अभिलेख संधारण तथा पारदर्शी एवं सुचारु व्यापार व्यवस्था के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। व्यापारियों द्वारा उठाए गए विभिन्न प्रश्नों का भी समाधान किया गया।
कार्यक्रम में उपस्थित व्यापारियों ने विभाग द्वारा आयोजित इस संवाद कार्यक्रम की सराहना करते हुए इसे कर जागरूकता एवं स्वैच्छिक अनुपालन को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक प्रभावी एवं उपयोगी पहल बताया।
