- दोपहिया एवं चारपहिया वाहन सफेद लाइन के अंदर निर्धारित पार्किंग लेन में ही खड़ा करें।
- निर्धारित पार्किंग क्षेत्र के बाहर वाहन खड़ा पाए जाने पर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत नियमानुसार कार्यवाही की जाएगी।
- दुकानदार एवं आम नागरिक निर्धारित पार्किंग व्यवस्था का पालन कर यातायात पुलिस का सहयोग करें।
यातायात पुलिस दुर्ग द्वारा सिविक सेंटर मार्केट क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने तथा वाहन चालकों एवं आम नागरिकों को जाम की समस्या से निजात दिलाने के उद्देश्य से पार्किंग व्यवस्था को व्यवस्थित किया जा रहा है।
सिविक सेंटर मार्केट क्षेत्र में वाहनों की पार्किंग के लिए सड़क किनारे सफेद लाइन के भीतर निर्धारित स्थान/लेन बनाया गया है। इसके बावजूद कई वाहन चालक अपने दोपहिया एवं चारपहिया वाहनों को निर्धारित पार्किंग क्षेत्र से बाहर अथवा सड़क पर बेतरतीब तरीके से खड़ा कर देते हैं। इससे सड़क पर वाहनों के आवागमन के लिए उपलब्ध स्थान कम हो जाता है और यातायात बाधित होने के साथ-साथ जाम की स्थिति निर्मित होती है।
यातायात पुलिस दुर्ग द्वारा वाहन चालकों से अपील की गई है कि वे अपने वाहन केवल सफेद लाइन के अंदर निर्धारित पार्किंग क्षेत्र में ही पार्क करें। किसी भी स्थिति में वाहन को पार्किंग लेन से बाहर, मुख्य मार्ग पर अथवा इस प्रकार न खड़ा करें जिससे अन्य वाहनों के आवागमन में बाधा उत्पन्न हो। साथ ही सिविक सेंटर क्षेत्र के दुकानदारों से भी अपील की गई है कि वे अपने ग्राहकों एवं आम नागरिकों को निर्धारित पार्किंग क्षेत्र में ही वाहन खड़ा करने के लिए प्रेरित करें। यातायात व्यवस्था को बाधित करने वाले वाहनों के विरुद्ध यातायात पुलिस द्वारा लगातार निगरानी रखी जाएगी तथा निर्धारित पार्किंग क्षेत्र/सफेद लाइन के बाहर वाहन खड़ा पाए जाने पर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत नियमानुसार कार्यवाही की जाएगी।




