Home गरियाबंद सेवा संकल्प अभियान के तहत आंगन का मिलन कार्यक्रम को अधिक प्रभावी...

सेवा संकल्प अभियान के तहत आंगन का मिलन कार्यक्रम को अधिक प्रभावी बनाने महिला मोर्चा की विशेष बैठक की गई आयोजित …

7
0
  •  25 सितम्बर से 07 अक्टूबर तक जिलेभर में होंगे विविध कार्यक्रम।।
  • आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाओं का होगा सम्मान।

राधेश्याम सोनवानी,गरियाबंद :- देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में सेवा एवं समर्पण के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा सेवा संकल्प अभियान 2026 चलाए जा रहे हैं, जो कि मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर से शुरू होकर 17 अक्टूबर तक एक माह चलेगा। इसी तारतम्य में भाजपा के सेवा संकल्प अभियान के तहत आगामी ‘आंगन का मिलन’ कार्यक्रम को लेकर भाजपा जिला कार्यालय में सोमवार को जिला महिला मोर्चा की विशेष कामकाजी बैठक आयोजित की गई। बैठक में आगामी कार्यक्रम की विस्तृत रूपरेखा तैयार करने के साथ ही घर-घर संपर्क अभियान और हितग्राहियों से संवाद को लेकर कार्ययोजना बनाई गई।

 

मालूम हो कि 25 सितम्बर से 07 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले आंगन का मिलन कार्यक्रम के तहत जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इस दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाओं का सम्मान करने के साथ बच्चों और पालकों के साथ उत्सव मनाया जाएगा। साथ ही महिला मोर्चा की कार्यकर्ता केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों से घर-घर संपर्क कर संवाद करेंगी तथा योजनाओं से उनके जीवन में आए बदलाव और सरकार की उपलब्धियों की जानकारी जनमानस तक पहुंचाएंगी।

 

बैठक को भाजपा जिला अध्यक्ष अनिल चंद्राकर ने संबोधित करते हुए कार्यक्रम की विस्तृत रूपरेखा रखते हुए कहा कि सेवा संकल्प अभियान के सभी कार्यक्रमों को संगठनात्मक समन्वय के साथ प्रभावी ढंग से पूरा किया जाए। उन्होंने मंडल एवं बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने और प्रत्येक कार्यक्रम को जनसंपर्क से जोड़ने की बात कही। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य केवल आयोजन करना नहीं, बल्कि सेवा, समर्पण और जनकल्याण की भावना को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाना है।

 

बैठक को संबोधित करते हुए महिला मोर्चा प्रदेश मंत्री एवं गरियाबंद की प्रभारी सविता चंद्राकर ने आंगन मिलन कार्यक्रम को प्रभावी एवं व्यापक बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित हो और आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों के साथ उत्सव का वातावरण बनाया जाए। उन्होंने महिला मोर्चा को संगठनात्मक रूप से और अधिक मजबूत करने तथा केंद्र सरकार की कार्ययोजना एवं जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने पर जोर दिया।

 

भाजपा महामंत्री चंद्रशेखर साहू ने भी संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विकसित राष्ट्र की परिकल्पना के साथ सेवा और समर्पण की भावना को आगे बढ़ाया है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से इसी सेवा भाव के साथ अपने-अपने वार्ड, मोहल्ले और बूथ स्तर पर छोटे-छोटे कार्यक्रम आयोजित कर समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों से संवाद एवं सम्मान का कार्य करने का आह्वान किया। वहीं बैठक में महिला मोर्चा एवं संगठन के पदाधिकारियों ने आगामी कार्यक्रमों को लेकर आवश्यक सुझाव देते हुए आंगन मिलन कार्यक्रम को बूथ स्तर तक व्यापक जनसहभागिता के साथ सफल बनाने का संकल्प लिया।

 

भाजपा कोषाध्यक्ष अजय रोहरा ने ‘कहानी बदलाव’ कार्यक्रम की जानकारी देते हुए कहा कि केंद्र की मोदी सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से आम लोगों के जीवन में आए सकारात्मक बदलावों को सामने लाया जाएगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से योजना के लाभार्थियों से संवाद कर उनकी अनुभव–कथाओं को समाज तक पहुंचाने का आह्वान किया।

 

तिल्दा-नेवरा नगर पालिका अध्यक्ष एवं सह-प्रभारी चंद्रकला वर्मा, सरिता वर्मा ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत प्रतिदिन विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से बच्चों के शारीरिक एवं मानसिक विकास, पोषण और कुपोषण उन्मूलन की दिशा में कार्य किए जा रहे है। उन्होंने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार और राज्य की विष्णुदेव सरकार के नेतृत्व में विकास एवं जनकल्याण के कार्य निरंतर आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से आपसी समन्वय के साथ आंगन मिलन कार्यक्रम को प्रभावी बनाने की अपील की।

 

इस अवसर पर जिला महामंत्री आशीष शर्मा, महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष बिंदु सिन्हा, सुरेंद्र सोनटेके, रिखीराम यादव, लालिमा ठाकुर, शिवांगी चतुर्वेदी, मिलेश्वरी साहू, नंदनी साहू, लेखराज ध्रुवा, राधेश्याम सोनवानी, अहिल्या मरकाम, रितेश यादव, नंदकिशोर चौबे, पंकज निर्मलकर सहित मंडल, मोर्चा–प्रकोष्ठ के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।