- “स्पष्ट लक्ष्य, दृढ़ संकल्प और सतत परिश्रम से सफलता निश्चित” — राजेश मूणत
- महाविद्यालय में ₹7 करोड़ का ऑक्सी जोन, ₹80 लाख की लाइब्रेरी का कार्य जल्द प्रारंभ होगा ₹25 लाख की लागत से कैंटीन निर्माण कार्य जारी
रायपुर। शासकीय नागार्जुन स्नातकोत्तर विज्ञान महाविद्यालय, रायपुर के दीक्षारंभ कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में रायपुर पश्चिम विधायक श्री राजेश मूणत सम्मिलित हुए। इस अवसर पर उन्होंने महाविद्यालय में प्रवेश लेने वाले सभी छात्र-छात्राओं, विशेषकर प्रथम वर्ष के नवप्रवेशित विद्यार्थियों का आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया।
अपने संबोधन में श्री राजेश मूणत ने विद्यार्थियों को जीवन में स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित कर पूर्ण निष्ठा, लगन और परिश्रम के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि जीवन में जो भी दायित्व मिले, उसका निर्वहन सकारात्मक सोच और समर्पण के साथ करना चाहिए। आज हमारी बेटियां प्रत्येक क्षेत्र में अपनी प्रतिभा और सामर्थ्य का परिचय देते हुए निरंतर आगे बढ़ रही हैं, जो समाज और देश के लिए गौरव का विषय है।
विधायक श्री मूणत ने कहा कि शासकीय नागार्जुन स्नातकोत्तर विज्ञान महाविद्यालय रायपुर का गौरवशाली शैक्षणिक संस्थान है। यहां से अध्ययन पूर्ण कर निकले अनेक विद्यार्थियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में सफलता अर्जित की है। विद्यार्थियों की इस सफलता में महाविद्यालय के अनुभवी एवं विद्वान प्राध्यापकों का महत्वपूर्ण योगदान है।
महाविद्यालय में शैक्षणिक वातावरण और सुविधाओं के विस्तार पर जोर
श्री मूणत ने महाविद्यालय में चल रहे एवं प्रस्तावित विकास कार्यों की जानकारी देते हुए बताया कि परिसर में ₹7 करोड़ की लागत से ऑक्सी जोन का कार्य शीघ्र प्रारंभ होगा। इसके अतिरिक्त ₹80 लाख की लागत से लाइब्रेरी निर्माण का कार्य भी शीघ्र प्रारंभ किया जाएगा, जबकि ₹25 लाख की लागत से कैंटीन निर्माण का कार्य चल रहा है।
उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने के लिए आधुनिक सुविधाओं एवं अधोसंरचना का विस्तार आवश्यक है। इन कार्यों से विद्यार्थियों को अध्ययन के लिए अधिक सुविधाजनक एवं अनुकूल वातावरण प्राप्त होगा। उन्होंने बताया कि
गुढ़ियारी नवीन महाविद्यालय के लिए ₹4.65 करोड़ से भवन निर्माण का कार्य द्रुत गति से चल रहा है ।
उन्होंने यह भी बताया कि अटारी महाविद्यालय में अंग्रेजी के साथ साथ हिंदी माध्यम से भी अध्ययन कार्य हो इसके लिए गंभीर प्रयास जारी है।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र में उच्च शिक्षा की सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
श्री मूणत ने विद्यार्थियों को पुनः शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे अपने जीवन का लक्ष्य निर्धारित करें और उसे प्राप्त करने के लिए पूरी लगन एवं मेहनत के साथ निरंतर प्रयास करें। दृढ़ संकल्प और सतत परिश्रम के साथ आगे बढ़ने वाले विद्यार्थियों के लिए सफलता के द्वार सदैव खुले रहते हैं।
कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय के प्राचार्य, प्राध्यापकगण, विद्यार्थी एवं महाविद्यालय परिवार के सदस्य उपस्थित रहे।





