मेल एक्टर्स और उनकी को-स्टार्स के बीच एज गैप हमेशा चर्चा का विषय रहता है. 33 साल की तमन्ना भाटिया फिल्म जेलर (Jailer) में 72 साल के रजनीकांत के साथ दिखाई देंगी जो कि उम्र में उनसे 39 साल बड़े हैं. जेलर के गाने ‘तू आ दिलबरा’ के लॉन्च पर तमन्ना से उम्र के अंतर को लेकर सवाल किया गया. उन्होंने जवाब दिया, “मैं बस इतना कहूँगी कि आप उम्र का अंतर क्यों देख रहे हैं? आपको स्क्रीन पर निभाए जा रहे दो किरदारों को देखना होगा.
तमन्ना ने हॉलीवुड एक्टर टॉम क्रूज का उदाहरण दिया. अपने पूरे करियर में, क्रूज़ ने कई एक्शन फिल्मों में काम किया है और एक्शन सीन्स को करने के लिए कभी भी स्टंट डबल का यूज नहीं किया है. तमन्ना ने आगे कहा, “अगर मुझे उम्र के बारे में बात करनी है, तो मैं 60 साल की उम्र में भी टॉम क्रूज़ के स्टंट देखूंगी और मैं उस उम्र में भी आइटम डांस नंबर करना चाहूंगी.” जेलर के बाद तमन्ना भाटिया 67 साल के चिरंजीवी के साथ फिल्म भोला शंकर में नजर आएंगी.



