March 7, 2026

स्वदेशी लड़ाकू विमान में उड़ने वाले पहले प्रधानमंत्री बने मोदी

104

बैंगलोर: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बेंगलुरु में अत्याधुनिक भारतीय फाइटर जेट तेजस में उड़ान भरी है। यह उड़ान लगभग 45 मिनट चली। वह शनिवार (25 नवंबर 2023) को बेंगलुरु में हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमटेड (HAL) पहुंचे थे। प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) के मुताबिक वो तेजस लड़ाकू विमान की मैन्यूफैक्चिरिंग हब (विनिर्माण) का निरिक्षण करने के लिए आए हुए थे।

बता दें कि, मोदी सरकार रक्षा उत्पादों के स्वदेशी उत्पादन पर निरंतर जोर देते रहती है। उन्होंने इस बात को कई बार रेखांकित किया है कि किस तरह उनकी सरकार ने भारत में ही रक्षा उपकरणों के विनिर्माण और निर्यात को प्रोत्साहित किया है। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व ट्विटर) पर लिखा कि, ‘आज तेजस में उड़ान भरते हुए अत्यंत गर्व के साथ कह सकता हूं कि हमारी मेहनत और लगन के कारण हम आत्मनिर्भरता के क्षेत्र में विश्व में किसी से कम नहीं हैं। भारतीय वायुसेना, DRDO और HAL के साथ ही समस्त भारतवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं।’

कई देशों ने हल्के लड़ाकू विमान तेजस को खरीदने में दिलचस्पी दिखाई है और अमेरिकी रक्षा दिग्गज जीई एयरोस्पेस ने पीएम मोदी के अमेरिका दौरे के दौरान एमके-2-तेजस के लिए संयुक्त रूप से इंजन का उत्पादन करने के लिए HAL के साथ एक करार किया था।  केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने इस साल अप्रैल में कहा था कि 2022-2023 में भारत का रक्षा निर्यात 15,920 करोड़ रुपये के इतिहास के सबसे उच्च स्तर पर पहुंच गया है। उन्होंने कहा था कि रक्षा निर्यात के ये आंकड़े देश के लिए शानदार उपलब्धि है।

तेजस की विशेषता :-
तेजस एक भारतीय लाइट कॉम्बैट एयरक्राफ्ट विमान है, जो किसी भी मौसम में उड़ान भर सकता है। ये दो पायलट वाला लड़ाकू विमान है. इसे LiFT यानी लीड-इन फाइटर ट्रेनर कहते हैं. इसे ग्राउंड अटैक एयरक्राफ्ट भी कहा जाता है, यानी आवश्यकता पड़ने पर इससे जमीन पर हमला भी किया जा सकता है. भारतीय वायुसेना ने HAL से 123 तेजस विमानों का ऑर्डर दे रखा है, जिसमें 26 एयरक्राफ्ट डिलिवर किए जा चुके हैं। ये सभी तेजस मार्क-1 हैं. आने वाले दिनों मे HAL इन विमानों के और अपग्रेडेड वर्जन इंडियन एयरफोर्स को सौंपेगी जिनकी डिलीवरी 2024 से लेकर 2028 के बीच की जाएगी।

You may have missed