भारत-इंग्लैंड टेस्ट: ऋषभ पंत ने इंग्लैंड में ऐसा रिकॉर्ड बनाया जो कोई भारतीय बल्लेबाज़ नहीं बना सका…
चौथे दिन का खेल शुरू होने के पांच मिनट के भीतर ब्राइडन कार्स की गेंद शुभमन गिल के बल्ले के किनारे को छूकर विकेट में लग गई. गिल के रूप में बड़ा विकेट गिरते ही लगा कि टीम इंडिया को संकट का सामना करना पड़ सकता है.
पंत की ताबड़तोड़ बल्लेबाज़ी
गिल के बाद बल्लेबाज़ी करने आए पंत के शॉट्स खेलने के तरीक़ों से लग रहा था कि वह भी अपना विकेट जल्दी दे बैठेंगे. शुरुआत में पंत अपने चिर-परिचित अंदाज़ में शॉट खेल रहे थे. दोनों छोर पर बिल्कुल अलग तरह की बल्लेबाज़ी हो रही थी.
राहुल के बार-बार संयम रखने की सलाह के बावजूद पंत की आंख पर पट्टी बांध कर तलवारबाज़ी जैसी बैटिंग जारी रही. वह भी ऐसे समय में जब दूसरे एंड पर राहुल की बल्लेबाज़ी अपने पार्टनर को सिखाने की कोशिश कर रही थी कि टेस्ट क्रिकेट में किस तरह की बल्लेबाज़ी करनी चाहिए.
लेकिन शायद ब्राइडन कार्स का एक ओवर उनकी आंखें खोलने में मददगार साबित हुआ. इस ओवर की एक गेंद पर पंत ने कार्स को दिशाहीन चौका लगा दिया था. अगली ही गेंद पर वह विकेट के पीछे स्कूप खेलने की कोशिश में पिच पर गिर गए. इंग्लैंड ने एलबीडब्ल्यू के लिए रिव्यू लिया जो मेज़बानों के ख़िलाफ़ गया.
इसके बाद स्टंप माइक ने उन्हें ख़ुद से बात करते, समझाते हुए रिकॉर्ड किया.
पंत ने ख़ुद से कहा, “ऐसी गेंदों को इस तरह खेलने की ज़रूरत नहीं है. सीधे बैट से खेलो.”
पंत ने ख़ुद को यहां से संभाला ज़रूर लेकिन जब भी उन्हें ख़राब गेंद मिली, उन्होंने गेंद को सीमा रेखा के पार भेजा.
पचास रन पार करने के बाद वह काफ़ी संभल कर खेले. पंत सात बार 90 और 100 के बीच टेस्ट क्रिकेट में आउट होने के इतिहास के साथ इस मैच में खेलने उतरे थे. लिहाज़ा लगा कि जैसे उन्होंने तय किया कि वह इस रिकॉर्ड को और ख़राब नहीं होने देंगे.
पंत 104 गेंदों पर 12 चौकों और दो छक्कों के साथ 90 के स्कोर पर पहुंचे थे. लेकिन 90 से 100 स्कोर को छूने के लिए उन्होंने 26 गेंदों का इंतज़ार किया. पंत की 140 गेंदों पर 118 रन की पारी में 15 चौके और तीन छक्के लगे.
ऋषभ पंत इंग्लैंड में एक टेस्ट मैच की दोनों पारियों में शतक लगाने वाले पहले भारतीय बल्लेबाज़ बन गए हैं. वह इंग्लैंड में एक टेस्ट मैच में दो शतक लगाने वाले नौवें विदेशी बल्लेबाज़ हैं. साल 2019 में स्टीवन स्मिथ के बाद ऐसा करने वाले पंत पहले खिलाड़ी हैं.
पंत इंग्लैंड के युवा स्पिनर शोएब बशीर के ख़िलाफ़ आक्रामक दिखे. लेकिन पंत का विकेट उनके ही खाते में आया. बशीर ने उन्हें ऑफ़ स्टंप के बाहर गेंद डालकर लालच दिया और वह झांसे में आ गए. उनका एज लॉन्ग ऑन पर गया जिसे जैक क्रावली ने पकड़ने में कोई ग़लती नहीं की.
दक्षिण अफ़्रीका का चोकर्स से चैंपियन बनने तक का सफ़र, 27 साल बाद जीती आईसीसी ट्रॉफ़ी
इमेज कैप्शन,केएल राहुल पहली पारी में अर्धशतक (42 रन) से चूक गए थे लेकिन दूसरी पारी में उन्होंने शतक (137 रन) बनाया
केएल राहुल का संयम
पंत की बल्लेबाज़ी के बारे में केएल राहुल ने मैच के बाद कहा, “जब वह बल्लेबाज़ी करने आते हैं तो उन पर छोड़ देना ही ठीक होता है. उन्हें पता है कि टीम के लिए क्या सही है और उन्हें इस बात का अंदाज़ा भी है कि यह कैसे करना है. वह काफ़ी अलग खिलाड़ी हैं. इससे पहले भी मैं पंत के साथ कुछ साझेदारियां कर चुका हूं और उनके साथ हमेशा ही मज़ा आता है.”
इसके ठीक उलट केएल राहुल की बल्लेबाज़ी किसी जादूगर के शो की तरह थी.
कवर ड्राइव, स्क्वायर ड्राइव से लेकर लेट कट तक, उनके हर शॉट इंग्लैंड के गेंदबाज़ों के लिए सवाल की तरह थे. अनुशासन और धैर्य उनकी पारी के आधार थे.
पंत अगर इतने बड़े स्कोर तक पहुंचे तो इसके लिए राहुल का शुक्रिया बनता है क्योंकि वह लगातार सिंगल लेकर स्ट्राइक रोटेट करते रहे.
ऐसा लग रहा था कि राहुल जैसे ठान कर आए थे कि कुछ भी हो जाए, ऑफ़ स्टंप के बाहर की किसी भी गेंद को सम्मान के साथ छोड़ना है. उनकी पूरी पारी में मेहनत, एकाग्रता और टीम को पांचवें दिन जीत के लिए बड़े स्कोर की तरफ़ ले जाने की रणनीति साफ़ दिखाई दी.
राहुल की बल्लेबाज़ी में साफ़ झलक रहा था कि उनका विकेट लेना आसान नहीं है. हां, वह ख़ुद कोई ग़लती करके विकेट तोहफ़े में दें तो बात अलग है.
राहुल ने इंग्लैंड को यह मौक़ा दिया भी था. जब वह 58 के स्कोर पर थे तब जोश टंग की 132 किलोमीटर प्रतिघंटा रफ़्तार की गेंद उनके बल्ले को छूकर गली में फ़ील्डिंग कर रहे हैरी ब्रुक्स के हाथ से निकल गई.