March 6, 2026

श्री श्रृंगी ऋषि गौशाला समिति में नये पदाधिकारियों का गठन — गोसेवा के संवर्धन पर विशेष जोर…

IMG-20251010-WA0003

नगरी।श्री श्रृंगी ऋषि गौशाला समिति में नवगठित कार्यकारिणी का गठन संपन्न हुआ, जिसमें सर्वसम्मति से प्रिंस गोलछा को अध्यक्ष के रूप में चयनित किया गया। इसी क्रम में पेमन स्वर्णबेर को वरिष्ठ उपाध्यक्ष, दीपक यदु को उपाध्यक्ष तथा कमल साहू, देवनाथ साहू, नोमेश साहू और शिवशंकर साहू को सह-उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई। समिति के कोषाध्यक्ष के रूप में अनील वाधवानी तथा सचिव के रूप में अनिता गोलछा का चयन किया गया है।

गौशाला समिति में कुल 25 कार्यकारिणी सदस्य बनाए गए हैं, जिनकी जिम्मेदारी गौशाला के संचालन, विकास कार्यों एवं जनजागरूकता कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने की होगी। समिति में संजय छाजेड, ज्ञान गोलछा, भानेंद्र ठाकुर और मदन लाल नाग को संरक्षक के रूप में मनोनीत किया गया है, जिनके मार्गदर्शन में समिति भविष्य की योजनाओं को दिशा देगी।

चयन उपरांत सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को उपस्थित सदस्यों एवं गणमान्य नागरिकों द्वारा हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी गईं। इस अवसर पर गौशाला समिति के प्रतिनिधियों ने कहा कि आने वाले समय में संस्था गौपालन, गोसंवर्धन और गोसेवा के क्षेत्र में कई नवाचार योजनाएं लागू करेगी। समिति ने यह भी निर्णय लिया कि गौशाला परिसर में गायों की देखभाल, भोजन, चिकित्सा एवं सुरक्षा के लिए ठोस व्यवस्थाएं की जाएंगी।

 

नये पदाधिकारियों ने अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी निष्ठा से करने का संकल्प लिया। अध्यक्ष प्रिंस गोलछा ने कहा कि गौशाला न केवल धर्म का प्रतीक है, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था और पर्यावरण संरक्षण का भी आधार है। उन्होंने आम नागरिकों से आह्वान किया कि वे गौसेवा के कार्य में सहयोग दें और इस पुनीत अभियान का हिस्सा बनें।

 

समिति के सदस्यों ने यह भी निर्णय लिया कि नियमित अंतराल पर जनजागरूकता अभियान, स्वच्छता कार्यक्रम और गोसेवा शिविर आयोजित किए जाएंगे, जिससे समाज में गोसंवर्धन की भावना और अधिक प्रबल हो सके।

 

इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने आशा जताई कि नवगठित कार्यकारिणी के नेतृत्व में श्री श्रृंगी ऋषि गौशाला समिति नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगी और समाज में गोमाता के प्रति समर्पण एवं सेवा की भावना को व्यापक बनाएगी।

You may have missed