भिलाई महिला महाविद्यालय में “नवाचार : एक अद्भुत विचार” विषय पर बैठक का आयोजन…
उच्च शिक्षा विभाग, छत्तीसगढ़ शासन द्वारा आरंभ की गई पहल “नवाचार : एक अद्भुत विचार” के तहत महाविद्यालय में संचालित विभिन्न नवाचारात्मक गतिविधियों को पहचानना, साझा करना तथा अन्य संस्थानों तक पहुँचाना इस बैठक का मुख्य उद्देश्य रहा।
दिनांक 24 अक्टूबर 2025 को भिलाई महिला महाविद्यालय के प्राचार्य कक्ष में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता महाविद्यालय की प्राचार्या महोदया द्वारा की गई।
इस अवसर पर महाविद्यालय के सभी विभागों — वनस्पति शास्त्र, प्राणी शास्त्र, रसायन शास्त्र, भौतिकी, गणित, वाणिज्य, कंप्यूटर विज्ञान, शिक्षा, हिंदी, अंग्रेज़ी, गृह विज्ञान, जैव प्रौद्योगिकी (Biotechnology) तथा सूक्ष्म जीवविज्ञान (Microbiology) — के विभागाध्यक्ष एवं प्राध्यापिकाएँ उपस्थित रहीं।
बैठक में यह निर्णय लिया गया कि प्रत्येक विभाग अपने क्षेत्र में किए जा रहे नवाचारी कार्यों, अनुसंधान आधारित परियोजनाओं, और नई शिक्षण विधियों का संकलन कर उच्च शिक्षा विभाग को प्रेषित करेगा।
चर्चा के दौरान निम्न प्रमुख बिंदु उभरकर सामने आए —
महाविद्यालय में संचालित जैव एंजाइम निर्माण, कोकेडामा निर्माण, हाइड्रोपोनिक्स, हरित प्रौद्योगिकी, पर्यावरण संरक्षण अभियान, उद्यमिता प्रशिक्षण जैसी गतिविधियों को नवाचार के रूप में प्रस्तुत किया जाए।
विद्यार्थियों में रचनात्मकता एवं प्रयोगशीलता को बढ़ावा देने हेतु “नवाचार क्लब / Innovation Cell” का गठन किया जाए।
सभी विभाग अपने नवाचारों का संक्षिप्त विवरण, उद्देश्य, कार्यप्रणाली, परिणाम एवं भविष्य की संभावनाएँ निर्धारित प्रारूप में प्रस्तुत करें।
महाविद्यालय सदैव विद्यार्थियों के ज्ञान, कौशल और व्यक्तित्व विकास के लिए नवीन शैक्षणिक प्रयोगों को प्रोत्साहित करता आया है।
वर्तमान बैठक के माध्यम से यह सुनिश्चित किया गया कि इन सफल नवाचारों और रचनात्मक प्रयासों को राज्य स्तर पर पहचान मिले और अन्य संस्थान भी इनसे प्रेरणा लें।
अंत में प्राचार्या महोदया ने सभी संकाय सदस्यों से कहा कि वे अपने-अपने विषयों में नवीन शिक्षण पद्धतियों, शोध एवं व्यवहारिक प्रयोगों को बढ़ावा दें, जिससे विद्यार्थी आत्मनिर्भर, नवाचारी और समाजोपयोगी नागरिक के रूप में विकसित हो सकें।
बैठक सफलतापूर्वक सम्पन्न हुई तथा यह निर्णय लिया गया कि भिलाई महिला महाविद्यालय द्वारा किए जा रहे सभी नवाचारों का संकलन रिपोर्ट शीघ्र ही उच्च शिक्षा विभाग, छत्तीसगढ़ शासन को भेजा जाएगा।
