March 7, 2026

दिल्ली धमाके वाली जगह का अमित शाह ने लिया जायजा, CM रेखा ने घायलों से की मुलाकात…

Delhi-Blast-Amit-Shah_V_jpg--442x260-4g

नई दिल्ली: दिल्ली में सोमवार शाम लाल किला मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर-1 के पास एक i20 कार में ब्लास्ट हो गया. पुलिस ने बताया कि नेताजी सुभाष चंद्र बोस मार्ग पर रेड सिग्नल होने के कारण कार धीमे धीमे आगे बढ़ रही थी तभी उसके पिछले हिस्से में जोरदार विस्फोट हो गया और आसपास कुछ और गाड़ियां भी इसकी चपेट में आ गईं. इस घटना में 8 लोगों की मौत हो गई और 20 अन्य घायल हो गए.

लाल किले के पास विस्फोट के बाद दिल्ली-एनसीआर में हाई अलर्ट

दिल्ली सोमवार शाम अचानक एक जोरदार धमाके से दहल उठी. लाल किले के पास मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर 1 के पास खड़ी एक कार में जबरदस्त विस्फोट हुआ, जिसकी आवाज़ दूर-दूर तक सुनाई दी. चश्मदीदों ने बताया कि कुछ ही सेकंडों में कार आग के गोले में बदल गई और लपटों ने आसपास खड़ी करीब सात से आठ गाड़ियों को भी अपनी चपेट में ले लिया.

धमाका शाम करीब 6 बजकर 52 मिनट पर हुआ. सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल और अन्य एजेंसियां मौके पर पहुंचीं. आग बुझाने के लिए सात फायर ब्रिगेड की गाड़ियां तैनात की गईं. बचाव दलों ने तुरंत घायलों को बाहर निकाला और पास के लोकनायक जयप्रकाश अस्पताल (LNJP) में भर्ती कराया गया. गृह मंत्री अमित शाह खुद अस्पताल पहुंचे, जहां उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों और डॉक्टरों के साथ बैठक कर राहत कार्यों की समीक्षा की.

घटनास्थल पर NSG, NIA और फोरेंसिक टीमें भी पहुंच गई हैं. दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल और बम निरोधक दस्ता सक्रिय हैं. फिलहाल विस्फोट के कारणों का पता नहीं चल पाया है. अधिकारियों ने कहा कि अभी इसे आतंकी हमला कहना जल्दबाज़ी होगी. जांच में सभी संभावनाओं को ध्यान में रखा जा रहा है.

विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि आसपास की दुकानों और वाहनों के शीशे टूट गए. इलाके में कई लोग घायल हो गए, जिनमें से कुछ की हालत गंभीर है. जानकारी के अनुसार, 8 लोगों की मौत हो चुकी थी और 20 लोग घायल हैं.

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस घटना पर शोक व्यक्त किया और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की. उन्होंने गृह मंत्री से घटना की पूरी जानकारी ली. पुलिस कमिश्नर सतीश गोल्चा ने बताया कि सभी एजेंसियां मिलकर काम कर रही हैं और जांच के हर बिंदु पर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं.

दिल्ली-एनसीआर में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है. लाल किला और उसके आसपास के सभी मार्ग बंद कर दिए गए हैं. हालांकि मेट्रो सेवाएं सामान्य रूप से जारी हैं. जांच एजेंसियां CCTV फुटेज खंगाल रही हैं ताकि यह पता लगाया जा सके कि धमाके से पहले कार में कौन मौजूद था और विस्फोट कैसे हुआ.

इस घटना से पूरे देश में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है. प्रशासन ने कहा है कि दोषियों को जल्द बेनकाब किया जाएगा और दिल्ली की सुरक्षा में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.

दिल्ली ब्लास्ट से जुड़ी अन्य खबरों को आप यहां क्लिक कर पढ़ सकते हैं

1.  ब्लास्ट के बाद दिल्ली के बार्डर पर हाईअलर्ट

 

2.  I-20 कार में हुआ था धमाका

 

3. कार से लटके, फुटपाथ पर बिखरे दिखे शव

 

4. कहीं जैश से तो नहीं जुड़े दिल्ली ब्लास्ट के तार?

 

5.  सैटेलाइट इमेज से जानिए किस जगह हुआ धमाका

 

6.  दिल्ली ब्लास्ट पर पीएम मोदी ने जताया दुख

 

7. चश्मदीद ने बयां किया दिल्ली ब्लास्ट का भयानक मंजर

 

8. द‍िल दहला देती हैं दिल्ली ब्लास्ट की ये तस्वीरें

 

9. दिल्ली ब्लास्ट पर अमित शाह ने क्या कहा?

 

लाल किले के पास हुए धमाके से जुड़ी हर बड़ी खबर और ताज़ा अपडेट के लिए आजतक के इस लाइव ब्लॉग से जुड़े रहें. इस पेज पर आपको सभी नई जानकारियां सबसे पहले और लगातार मिलती रहेंगी.

Delhi Blast Live Updates: दिल्ली कार ब्लास्ट के बाद हावड़ा में हाई अलर्ट, सुरक्षा बल कर रहे गहन जांच

दिल्ली में लाल किला मेट्रो स्टेशन के नजदीक कार में ब्लास्ट की घटना के बाद पूरे देश में रेड अलर्ट घोषित किया गया है. पश्चिम बंगाल के हावड़ा रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ और जीआरपी ने गहन जांच अभियान चलाया. स्निफर डॉग की मदद से स्टेशन पर आने-जाने वाली गाड़ियों की जांच की गई. हावड़ा शहर में जगह-जगह पुलिस चेक पोस्ट लगाकर गाड़ियों की जांच की गई. हावड़ा ब्रिज पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था देखने को मिली. हावड़ा रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ के सीनियर कमिश्नर रघुवीर चौका ने जानकारी देते हुए बताया कि हम पूरी तरह अलर्ट हैं. यात्रियों के साथ-साथ गाड़ियों की भी जांच की जा रही है. हावड़ा के सिटी पुलिस कमिश्नर प्रवीण कुमार त्रिपाठी ने शहर में घूम-घूम कर नाका चेकिंग का जायजा लिया.

दिल्ली कार ब्लास्ट वाली जगह से FSL टीम ने सैंपल कलेक्ट करके लैब भेजे

एनएसजी की टीम ने स्निफर डॉग के साथ दिल्ली में लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास उस जगह की जांच की जहां एक हुंडई i20 कार में सोमवार शाम विस्फोट हो गया. इस घटना में 8 लोगों की मौत हो गई और 20 लोग घायल होग गए. फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी के अधिकारी मोहम्मद वाहिद ने कहा, ‘क्राइम सीन से लिए गए सैंपल लैब में भेजे जाएंगे, और उसके बाद ही हम कोई पुष्टि कर सकते हैं…जांच के बाद ही सब कुछ पता चलेगा.’

दिल्ली धमाके के बाद ग्वालियर में हाई अलर्ट, एयरपोर्ट से लेकर हाईवे तक सख्त चेकिंग

दिल्ली में हुए धमाके के बाद मध्य प्रदेश के ग्वालियर में भी पुलिस सतर्क मोड पर आ गई है. शहर में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए पुलिस ने सघन चेकिंग अभियान चलाया. एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, हाइवे और टोल नाकों पर पुलिस टीमों ने वाहनों की डिग्गी तक खुलवाकर जांच की.

एसएसपी धर्मवीर सिंह यादव खुद एयरपोर्ट पहुंचे और सुरक्षा इंतज़ामों का जायजा लिया. पुलिस टीमों ने हर आने-जाने वाले यात्री और वाहन की बारीकी से जांच की. किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या सामान पर पैनी नजर रखी जा रही है. शहर के प्रमुख चौराहों पर पुलिस ने हूटर बजाकर फ्लैग मार्च निकाला गया.

दिल्ली धमाके के बाद धौलपुर में हाई अलर्ट, यूपी-मध्य प्रदेश सीमाओं पर बढ़ाई गई सुरक्षा

दिल्ली में लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास हुए धमाके के बाद अब पड़ोसी राज्यों में भी सुरक्षा कड़ी कर दी गई है. मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश को जोड़ने वाले धौलपुर जिले में सुरक्षा व्यवस्था सख़्त कर दी गई है.

पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान ने बताया कि दिल्ली से धौलपुर आने वाले सभी मार्गों पर चेकिंग बढ़ा दी गई है और जिलेभर में पुलिस बल को अलर्ट पर रखा गया है. उत्तर प्रदेश की दिशा से आने वाले रास्तों पर भी कड़ी निगरानी रखी जा रही है. हर वाहन की जांच की जा रही है ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि को रोका जा सके.

ईरान ने दिल्ली कार ब्लास्ट में जान गंवाने वालों के प्रति जताई संवेदना

ईरान ने दिल्ली के लाल किले के पास हुए कार ब्लास्ट की घटना में जान गंवाने वालों के प्रति संवेदना व्यक्त की है. नई दिल्ली स्थित ईरानी दूतावास ने X पर पोस्ट में लिखा, ‘हम दिल्ली में हुए कार विस्फोट की घटना में कई भारतीय नागरिकों की मृत्यु पर गहरा दुःख व्यक्त करते हैं और भारत गणराज्य की सरकार एवं जनता के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं. हम दूतावास पीड़ितों के शोक संतप्त परिवारों के प्रति भी अपनी हार्दिक संवेदना व्यक्त करते हैं और उनके लिए धैर्य एवं सांत्वना की कामना करते हैं, साथ ही इस दुखद घटना में घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हैं.’

दिल्ली ब्लास्ट का पुलवामा कनेक्शन आया सामने

लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास हुए धमाके की जांच में एक बड़ा खुलासा हुआ है. सूत्रों के मुताबिक, जिस हुंडई i20 कार में विस्फोट हुआ, वह जम्मू-कश्मीर के पुलवामा के रहने वाले तारिक नामक व्यक्ति को बेची गई थी.

रेखा गुप्ता ने घायलों के इलाज और सुरक्षा व्यवस्था पर अधिकारियों से की चर्चा

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने लोक नायक अस्पताल में डॉक्टरों और पुलिस अधिकारियों की टीम के साथ बैठक की. उन्होंने धमाके में घायल मरीजों की स्थिति और चल रहे इलाज की विस्तृत जानकारी ली. बैठक में सुरक्षा इंतज़ामों और राहत कार्यों की प्रगति पर भी चर्चा की गई.