दिल्ली ब्लास्ट केस में बड़ा खुलासा, धमाके वाली कार में मौजूद था आतंकी उमर, DNA टेस्ट से पुष्टि…
- दिल्ली में लाल किले के पास 10 नवंबर को हुए आतंकी हमले की जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, नए-नए तथ्य निकलकर सामने आ रहे हैं. पुलिस और खुफिया एजेंसियों ने खुलासा किया है कि आतंकी डॉक्टर उमर नबी अंकारा में बैठे UKasa (कोड नेम हो सकता है) नाम के हैंडलर के लगातार संपर्क से था.
- डीएनए टेस्ट में कंफर्म हो गया है कि दिल्ली ब्लास्ट में इस्तेमाल कार में आतंकी डॉक्टर उमर मौजूद था.
नई दिल्ली,13 नवंबर 2025: दिल्ली में रेड फोर्ट के पास 10 नवंबर को हुए भीषण विस्फोट की जांच में बड़ा खुलासा हुआ है. पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने बुधवार देर रात पुष्टि की कि विस्फोटक से लदी ह्यूंडई i20 कार में मौजूद शख्स कोई और नहीं, बल्कि आतंकी डॉक्टर उमर नबी (उमर मोहम्मद) ही था. कार के मलबे से मिले जले हुए शव का DNA टेस्ट उमर के परिवार के सदस्यों के सैंपल से 100% मैच कर गया है. इससे स्पष्ट हो गया है कि आतंकी उमर ने ही दिल्ली कार ब्लास्ट को अंजाम दिया, जिसमें 12 लोगों की मौत हो गई और 20 घायल हुए.
जांच एजेंसियों को शुरू से ही शक था कि हमलावर डॉ. उमर ही था, जिसने विस्फोट से ठीक 11 दिन पहले हमले में इस्तेमाल की गई सफेद ह्यूंडई i20 कार खरीदी थी.वह फरीदाबाद के व्हाइट कॉलर टेरर मॉड्यूल का प्रमुख सदस्य था और फरार चल रहा था. पुलवामा के संबूरा निवासी उमर के परिजनों से दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने पूछताछ की. उमर की मां और भाई ने DNA सैंपल दिए थे, जो ब्लास्ट में इस्तेमाल कार के मलबे से मिले अवशेषों (हड्डियां, दांत, कपड़े के टुकड़े) से मैच कर गया. इससे स्पष्ट हो गया कि उमर ही कार चला रहा था.