जीपीएम में मध्यप्रदेश से छत्तीसगढ़ लाया जा रहा अवैध धान प्रशासन ने पकड़ा, जंगल में मिला वाहन…
मध्यप्रदेश से छत्तीसगढ़ लाया जा रहा अवैध धान प्रशासन ने पकड़ा है। सीमावर्ती क्षेत्र में लगातार की जा रही पेट्रोलिंग के दौरान तस्करों ने प्रशासनिक टीम को देखकर धान से भरे एक पिकअप वाहन को जंगल में छुपा दिया, लेकिन सतर्क टीम ने मौके पर पहुंचकर वाहन सहित धान की खेप जब्त कर ली। यह कार्रवाई मरवाही के परासी गांव के पास स्थित सीमावर्ती इलाके में की गई। एसडीएम मरवाही देवेंद्र सिरमौर के नेतृत्व में गठित टीम ने संदेह के आधार पर क्षेत्र की तलाशी ली, जहां जंगल में खड़ा पिकअप वाहन मिला। जांच में पाया गया कि वाहन में लदा धान अवैध रूप से मध्यप्रदेश से छत्तीसगढ़ लाया जा रहा था। प्रशासन के अनुसार धान के परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज मौके पर प्रस्तुत नहीं किए गए। प्रथम दृष्टया यह मामला अंतरराज्यीय अवैध धान परिवहन का पाया गया है। वाहन चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है। प्रशासन ने बताया कि जब्त धान और पिकअप वाहन को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई की जा रही है। मामले में मंडी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया जाएगा। साथ ही सीमावर्ती क्षेत्रों में अवैध धान परिवहन पर रोक लगाने के लिए निगरानी और गश्त को और सख्त कर दिया गया है।