अमेरिका में चार भारतीयों की गोली मारकर हत्या, बच्चों ने जान बचाने के लिए खुद को अलमारी में किया बंद…
जॉर्जिया के लॉरेंसविल में विजय कुमार नाम के एक शख्स ने घरेलू विवाद में मीनू डोगरा, गौरव कुमार, निधि चंदर और हरीश चंदर की हत्या कर दी. मौके पर पहुंची पुलिस को शव मिले हैं. घर में मौजूद तीन बच्चे अलमारी में छुपकर अपनी जान बचाने में कामयाब हुए. बच्चों को परिवार के एक सदस्य को सौंप दिया गया है.
अमेरिका के जॉर्जिया राज्य में घरेलू विवाद के चलते एक भारतीय महिला और उसके तीन रिश्तेदारों की गोली मारकर हत्या कर दी गई. वहीं तीन बच्चे हिंसा से बचने के लिए अलमारी में छुप गए. हमला करने वाला कोई और नहीं बल्कि महिला का पति ही था. यह जानकारी अधिकारियों ने दी है. यह घटना शुक्रवार तड़के लॉरेंसविल शहर के एक घर में हुई, जो अटलांटा के पास है. अटलांटा स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास ने पुष्टि की कि पीड़ितों में एक भारतीय नागरिक भी शामिल है और बताया कि संदिग्ध हमलावर को गिरफ्तार कर लिया गया है. भारत के वाणिज्य दूतावास ने शोक व्यक्त करते हुए कहा कि वह शोक संतप्त परिवार को हर संभव सहायता दे रहा है.
US में चार भारतीयों की गोली मारकर हत्या, बच्चों ने खुद को अलमारी में किया बंद
भारतीय दूतावास ने क्या कहा?
मिशन ने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट करते हुए कहा, ‘हम एक दुखद गोलीबारी की घटना से गहरे दुखी हैं, जो कथित पारिवारिक विवाद से जुड़ी है, जिसमें एक भारतीय नागरिक भी पीड़ितों में शामिल है. संदिग्ध हमलावर को गिरफ्तार कर लिया गया है और शोक संतप्त परिवार को हर संभव सहायता दी जा रही है.’ स्थानीय मीडिया ने आरोपी की पहचान अटलांटा निवासी 51 वर्षीय विजय कुमार के रूप में की है. ग्विनेट काउंटी पुलिस के अनुसार, पीड़ितों में विजय कुमार की पत्नी मीनू डोगरा (43), गौरव कुमार (33), निधि चंदर (37) और हरीश चंदर (38) शामिल हैं.
जान बचाने के लिए बच्चे अलमारी में घुसे
पुलिस ने बताया कि उन्हें स्थानीय समयानुसार रात करीब 2.30 बजे ब्रुक आइवी कोर्ट स्थित एक घर से 911 पर कॉल मिली थी. मौके पर पहुंचने पर पुलिस ने घर के अंदर चार वयस्कों को मृत पाया, जिनके शरीर पर गोली लगने के घातक निशान थे. जांचकर्ताओं ने बताया कि घटना के समय तीन बच्चे भी घर में मौजूद थे. बच्चों ने खुद को बचाने के लिए अलमारी में छुपा लिया और उनमें से एक ने इमरजेंसी सर्विस को कॉल कर दी, जिससे पुलिस कुछ ही मिनटों में मौके पर पहुंच गई.