March 6, 2026

भिलाई की जनहित भूमि को 30 वर्ष की लीज पर देने के निर्णय का विरोध…

IMG-20260214-WA0002

भिलाई की जनहित भूमि को 30 वर्ष की लीज पर देने के निर्णय का विरोध – बच्चों के भविष्य हेतु खेल मैदान सुरक्षित रखने की मांग भिलाई, शहर की वह भूमि, जो विशेष क्षेत्र विकास प्राधिकरण (SADA) के अंतर्गत जनहितेषी योजनाओं के लिए सुरक्षित रखी गई थी, उसे 100 आवासीय एवं व्यावसायिक भूखण्डों के रूप में 30 वर्ष की लीज पर देने के प्रस्ताव का हम समस्त भिलाईवासी कड़ा विरोध करते हैं।

यह भूमि केवल भूखंड नहीं है, बल्कि भिलाई के बच्चों, युवाओं और आने वाली पीढ़ियों के भविष्य से जुड़ी अमूल्य धरोहर है। शहर में पहले ही खेल मैदानों और खुले सार्वजनिक स्थलों की भारी कमी है। यदि इस भूमि का व्यावसायिक उपयोग किया जाता है, तो बच्चों को खेलने के लिए सुरक्षित एवं खुला स्थान उपलब्ध नहीं हो पाएगा, जिससे उनके शारीरिक, मानसिक और सामाजिक विकास पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा। हमारा स्पष्ट मानना है कि: जनहित में सुरक्षित भूमि को व्यावसायिक लीज पर देना शहर के दीर्घकालीन विकास के विरुद्ध है। बच्चों के लिए खेल मैदान, पार्क और सामुदायिक गतिविधियों के लिए खुले स्थान सुरक्षित रखना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

किसी भी भूमि उपयोग परिवर्तन से पूर्व नागरिकों की राय लेना और पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी बनाना अनिवार्य है। हमारी प्रमुख मांगें: प्रस्तावित 30 वर्ष की लीज प्रक्रिया को तत्काल प्रभाव से रोका जाए।

उक्त भूमि को स्थायी रूप से खेल मैदान एवं सार्वजनिक उपयोग हेतु आरक्षित घोषित किया जाए।

इस विषय पर खुली जनसुनवाई आयोजित कर नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित की जाए।

भूमि आवंटन से संबंधित समस्त दस्तावेज एवं निर्णय सार्वजनिक किए जाएं।

भिलाई के नागरिक अपने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य और शहर के संतुलित विकास के लिए प्रतिबद्ध हैं। आवश्यकता पड़ने पर हम शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक माध्यमों से अपना विरोध दर्ज कराएंगे।

हम प्रशासन एवं महापौर महोदय से आग्रह करते हैं कि वे जनभावनाओं का सम्मान करें, निर्णय पर पुनर्विचार करें और शहर के बच्चों के हित को सर्वोपरि रखें।