बर्तन मांजने का खुलासा करना पड़ गया भारी, पाकिस्तानी कप्तान पर 2 साल का बैन…
- ऑस्ट्रेलिया दौरे में खिलाड़ियों से किचन साफ और बर्तन धुलवाने के आरोप लगाने पर पाकिस्तान हॉकी टीम के कप्तान को दो साल के लिए बैन कर दिया गया. खराब व्यवस्थाओं, एयरपोर्ट पर घंटों फंसे रहने और होटल विवाद ने मामले को तूल दिया. विवाद बढ़ने पर फेडरेशन अध्यक्ष ने इस्तीफा दिया और जांच की मांग उठी.
नई दिल्ली ,20 फरवरी 2026: पाकिस्तान हॉकी में बड़ा विवाद सामने आया है. टीम के कप्तान अम्माद शकील बट को गंभीर आरोप लगाने के बाद पाकिस्तान हॉकी फेडरेशन (PHF) ने दो साल के लिए बैन कर दिया है.
यह मामला ऑस्ट्रेलिया दौरे के दौरान सामने आया, जहां टीम को मैदान के अंदर प्रदर्शन और मैदान के बाहर अव्यवस्था, दोनों से जूझना पड़ा. पाकिस्तान को ऑस्ट्रेलिया और जर्मनी से हार मिली, लेकिन असली चर्चा खिलाड़ियों द्वारा झेली गई कथित बदइंतजामी को लेकर रही.
12 घंटे एयरपोर्ट पर फंसी रही टीम
रिपोर्ट्स के मुताबिक, टीम होबार्ट रवाना होने से पहले करीब 12-15 घंटे तक सिडनी एयरपोर्ट पर फंसी रही. होटल बुकिंग रद्द होने के कारण खिलाड़ियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा और उन्हें अस्थायी इंतजामों में समय बिताना पड़ा.
कप्तान का आरोप, हमसे बर्तन धुलवाए गए
लाहौर लौटने के बाद अम्माद बट ने फेडरेशन पर तीखा हमला बोला. उनका दावा था कि ऑस्ट्रेलिया दौरे में खिलाड़ियों को किचन साफ करने और बर्तन धोने तक के लिए मजबूर किया गया.उन्होंने कहा कि टीम द्वारा भेजे गए वीडियो असली थे, लेकिन बाद में दबाव बनाकर स्थिति सामान्य दिखाने की कोशिश कराई गई.
PHF की सख्त कार्रवाई
फेडरेशन ने इन आरोपों को अनुशासनहीनता मानते हुए कप्तान को दो साल के लिए बैन कर दिया. PHF का कहना है कि सार्वजनिक रूप से बोर्ड पर आरोप लगाने से संस्थान की छवि को नुकसान पहुंचा.
विवाद के बीच फेडरेशन प्रेसिडेंट का इस्तीफा
मामले ने तूल पकड़ा तो PHF के अध्यक्ष तारिक बुगती ने पद से इस्तीफा दे दिया. उन्होंने सफाई देते हुए कहा कि अर्जेंटीना दौरे से जुड़े होटल भुगतान में देरी Pakistan Sports Board की ओर से हुई थी, जिससे व्यवस्थाएं प्रभावित हुईं.
प्रधानमंत्री से जांच की मांग
बुगती ने पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ से अपील की कि पूरे मामले की जांच के लिए कमेटी बनाई जाए, ताकि मिसमैनेजमेंट की सच्चाई सामने आ सके. उन्होंने अपने कार्यकाल में सीमित संसाधनों के बावजूद हॉकी के विकास के लिए काम करने का दावा भी किया.
रिपोर्ट तैयार, विवाद अभी बाकी
पाकिस्तान स्पोर्ट्स बोर्ड के अधिकारियों ने कहा है कि पूरे घटनाक्रम पर रिपोर्ट तैयार की जा रही है. इस विवाद ने एक बार फिर पाकिस्तान हॉकी की प्रशासनिक चुनौतियों और संसाधन संकट को उजागर कर दिया है.