March 6, 2026

एम.ओ.यू. के अंतर्गत शिक्षक विनिमय कार्यक्रम में डॉ. भावना पांडे का सम्मान एवं प्रभावशाली व्याख्यान…

IMG-20260305-WA0001

भिलाई महिला महाविद्यालय, भिलाई नगर की जैव प्रौद्योगिकी एवं सूक्ष्मजीव विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. भावना पांडे द्वारा शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, कवर्धा में “प्लांट टिशू कल्चर” विषय पर एक अत्यंत ज्ञानवर्धक एवं प्रभावशाली व्याख्यान प्रस्तुत किया गया। यह कार्यक्रम दोनों महाविद्यालयों के मध्य संपन्न एम.ओ.यू. के अंतर्गत शिक्षक विनिमय (Teacher Exchange) कार्यक्रम के तहत 02 मार्च 2026 को आयोजित किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलन कर किया गया। तत्पश्चात अतिथि डॉ. भावना पांडे का स्वागत पुष्पगुच्छ भेंट कर किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं एवं प्राध्यापकों की गरिमामयी उपस्थिति रही।

कार्यक्रम के प्रारंभ में जैव प्रौद्योगिकी विभाग की प्राध्यापिका डॉ. सीमा मांडवी द्वारा डॉ. भावना पांडे का संक्षिप्त जीवन-वृत्त (बायोडाटा) वाचन किया गया, जिसमें उनके शैक्षणिक योगदान एवं उपलब्धियों का उल्लेख किया गया।

अपने व्याख्यान में डॉ. पांडे ने प्लांट टिशू कल्चर की अवधारणा, प्रयोगशाला तकनीक, आधुनिक कृषि, जैव प्रौद्योगिकी एवं अनुसंधान में इसके महत्व पर विस्तारपूर्वक प्रकाश डाला। उनकी सरल, वैज्ञानिक एवं प्रभावशाली प्रस्तुति से छात्र-छात्राओं को विषय की गहन जानकारी प्राप्त हुई।

कार्यक्रम के समापन अवसर पर महाविद्यालय की प्रभारी प्राचार्य डॉ. ऋचा मिश्रा द्वारा डॉ. भावना पांडे को प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। उन्होंने व्याख्यान को विद्यार्थियों के लिए अत्यंत उपयोगी एवं प्रेरणादायक बताया।

अंत में कुमारी प्रज्ञा श्रीवास्तव दवारा आभार प्रदर्शन किया गया। यह कार्यक्रम दोनों संस्थानों के मध्य शैक्षणिक सहयोग को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल सिद्ध हुआ।

You may have missed