March 7, 2026

मेन मार्केट में भारी वाहनों की मनमानी पर अब लगेगी ब्रेक, प्रशासन ने कसी कमर…

IMG-20260307-WA0018
  • कलेक्टर-एसपी की मौजूदगी में शहर विकास योजना की बैठक, मार्ग में भारी वाहनों के प्रवेश पर सख्ती के निर्देश।

राधेश्याम सोनवानी,गरियाबंद। शहर के बीचों–बीच भारी वाहनों की आवाजाही बदस्तूर जारी है, इससे कभी भी अनहोनी घटना घट सकती है। गरियाबंद शहर के तिरंगा चौक से छिंद तालाब मार्ग पर स्थित मुख्य मार्केट ( सदर बाजार ) में लंबे समय से भारी वाहनों की आवाजाही बनी हुई है, इससे व्यापारी समेत लोग काफी परेशान हैं। सामान्य दिन हो या फिर कोई त्यौहारी सीजन यहां लोगों की भीड़ बनी रहती है, इसके बावजूद इस मार्ग में लगातार भारी वाहन गुजरती है। अब इस मामले में प्रशासन ने संज्ञान लिया है और कार्यवाही किए जाने की तैयारी शुरू कर दी गई है। शहर को सुव्यवस्थित और यातायात को सुगम बनाए रखने इसकी कवायद तेज कर दी गई है।

मालूम हो कि गरियाबंद शहर का सदर बाजार रोड़ जहां कई वर्षों से मुख्य मार्केट लगते हुए आ रहा है, लेकिन इस मार्ग में भारी वाहनों का आवागमन एक बड़ी समस्या बनी हुई है। हालांकि स्थानीय नगरीय प्रशासन ने तिरंगा चौक में समय निर्धारित करते हुए भारी वाहन का प्रवेश निषेध को लेकर बोर्ड जरूर लगाया है, लेकिन इसका पालन कहीं भी होते हुए दिखाई नहीं पड़ता। भारी वाहनों के कारण मार्ग में लंबी कतार लगने के साथ ही यातायात भी प्रभावित होती है। वहीं इन वाहनों से दुर्घटना की भी आशंका बनी रहती है, इनके गुजरने से लोग सहम जाते हैं। भारी वाहनों के बेधड़क आवागमन पर प्रशासन सख्त कार्यवाही करने जा रही है।

बता दें कि जिला कार्यालय के सभाकक्ष में शहर विकास योजना के संबंध में बैठक आयोजित की गई थी। इस दौरान कलेक्टर बीएस उईके, एसपी वेदव्रत सिरमौर की उपस्थिति में नगर पालिका परिषद सीएमओ संध्या वर्मा और पालिका अध्यक्ष रिखीराम यादव ने बैठक में शहर के समग्र विकास, बुनियादी सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण और लोगों को बेहतर शहरी सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की। बैठक में शहर के बस स्टैंड को व्यवस्थित एवं सुचारू बनाने के संबंध में चर्चा करते हुए कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बस स्टैंड क्षेत्र में यातायात व्यवस्था सुचारू रहे और यात्रियों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध हों, इसके लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। इसके साथ ही शहर के प्रमुख बाजार क्षेत्रों को व्यवस्थित जगह शिफ्ट करने के लिए जगह का चिन्हांकन करने को कहा है, जिससे की बाजार आने वाले लोंगो को किसी भी प्रकार की असुविधा न हों।

 

*– भारी वाहनों के प्रवेश पर लगेगी पाबंदी –*

शहर विकास योजना को लेकर आयोजित बैठक में जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता देते हुए पुलिस प्रशासन ने इस समस्या पर संज्ञान लिया है। तिरंगा चौक से छिंद तालाब जाने वाले मार्ग पर लंबे समय से भारी वाहनों की बेधड़क और बेसमय आवाजाही जारी थी, जिस पर अब सख्ती बरती जाएगी। प्रशासन ने नगर पालिका को आवश्यक और ठोस कदम उठाने के निर्देश दिए हैं, ताकि इस मार्ग की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाया जा सके। निर्देशों के बाद इस मार्ग से गुजरने वाले भारी वाहनों के पहियों पर लगाम लगाई जाएगी। इससे लंबे समय से परेशान व्यापारियों और आम नागरिकों को राहत मिलने की उम्मीद है और बाजार क्षेत्र में यातायात भी सुगम हो सकेगा।

 

*– यात्री वाहनों की गति होगी सुचारू –*

शहर में यातायात व्यवस्था को बेहतर और सुचारू बनाने के लिए प्रशासन ने अन्य पहलुओं पर भी गंभीरता से विचार किया है। बस स्टैंड से निकलने वाले यात्री वाहनों की धीमी रफ्तार के कारण अक्सर मार्ग पर जाम की स्थिति बन जाती है, जिससे लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ता है। अब ऐसे वाहनों की आवाजाही और संचालन पर भी नजर रखी जाएगी, ताकि यातायात बाधित न हो और व्यवस्था सुचारू बनी रहे। शहर के मध्य स्थित बस स्टैंड और मुख्य मार्गों पर चारों ओर से वाहनों की लगातार आवाजाही होने के कारण यातायात व्यवस्था बनाए रखना हमेशा चुनौतीपूर्ण रहा है। इसी को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने व्यवस्था सुधारने की दिशा में ठोस पहल शुरू कर दी है।

You may have missed