March 11, 2026

खोखरा जेल में प्रशासन-पुलिस की अचानक दस्तक, बैरकों की सघन तलाशी से मचा हड़कंप…

IMG-20260311-WA0002

जांजगीर-चांपा। जिले के खोखरा स्थित जिला जेल में बुधवार को उस समय अचानक हलचल और हड़कंप का माहौल बन गया, जब जिला प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम औचक निरीक्षण के लिए पहुंच गई। अधिकारियों के पहुंचते ही जेल परिसर में सघन तलाशी अभियान शुरू कर दिया गया और सभी बैरकों की बारीकी से जांच की गई।

संयुक्त टीम ने जेल के प्रत्येक बैरक में जाकर कैदियों के रहने की व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंध और अनुशासन की स्थिति का गहन अवलोकन किया। तलाशी अभियान के दौरान जेल की रसोई, भोजन भंडारण कक्ष तथा परिसर के अन्य महत्वपूर्ण स्थानों का भी सूक्ष्म निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने यह भी सुनिश्चित किया कि कैदियों को मिलने वाली सुविधाएं और भोजन व्यवस्था शासन के मानकों के अनुरूप हो।

इस संयुक्त कार्रवाई में जिला प्रशासन की ओर से एडिशनल कलेक्टर, तहसीलदार सहित अन्य राजस्व अधिकारी उपस्थित रहे। वहीं पुलिस विभाग की ओर से पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप, उप पुलिस अधीक्षक (अजाक) सतरूपा तारम तथा सीएसपी जांजगीर योगिताबाली खापर्डे के नेतृत्व में पुलिस टीम मौजूद रही।

निरीक्षण के पश्चात अधिकारियों ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार वर्ष में दो बार जेलों का औचक निरीक्षण किया जाना अनिवार्य है। इसी प्रावधान के तहत प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने खोखरा जेल का निरीक्षण किया।

अधिकारियों ने कहा कि इस तरह के औचक निरीक्षण से जेल की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होती है और प्रशासनिक व्यवस्था में पारदर्शिता बनी रहती है। भविष्य में भी ऐसे निरीक्षण लगातार जारी रहेंगे।

You may have missed