March 13, 2026

बकाया बिजली बिल से राहत का मौका, ‘समाधान योजना 2026’ लागू…

Screenshot_20260313_133235 (1)

जांजगीर-चांपा, 12 मार्च।छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (CSPDCL) द्वारा बिजली उपभोक्ताओं को बड़ी राहत देते हुए “समाधान योजना 2026” लागू कर दी गई है। इस योजना के तहत पुराने बकाया बिजली बिलों पर उपभोक्ताओं को मूल राशि और अधिभार (सर्चार्ज) में भारी छूट दी जा रही है, जिससे अधिक से अधिक लोग अपने बकाया बिल का निपटारा कर सकें।

बिजली विभाग के अनुसार योजना का लाभ विशेष रूप से बीपीएल, घरेलू और कृषि श्रेणी के उपभोक्ताओं को मिलेगा। योजना के तहत विभिन्न श्रेणियों के उपभोक्ताओं के लिए अलग-अलग छूट निर्धारित की गई है।

निष्क्रिय उपभोक्ताओं को अधिक छूट

31 मार्च 2023 से पहले जिन उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन कट चुके हैं, उन्हें विशेष राहत दी जा रही है। बीपीएल श्रेणी के उपभोक्ताओं को मूल राशि में 75 प्रतिशत तथा अधिभार में 100 प्रतिशत की छूट मिलेगी। वहीं घरेलू और कृषि श्रेणी के उपभोक्ताओं को मूल राशि में 50 प्रतिशत तथा अधिभार में 100 प्रतिशत की छूट प्रदान की जाएगी।

सक्रिय बीपीएल उपभोक्ताओं को भी राहत

सक्रिय बीपीएल उपभोक्ताओं के लिए 5 वर्ष से अधिक पुराने बकाया पर मूल राशि में 75 प्रतिशत और अधिभार में 100 प्रतिशत की छूट मिलेगी। वहीं 1 से 5 वर्ष पुराने बकाया पर मूल राशि में 50 प्रतिशत तथा अधिभार में 100 प्रतिशत की छूट दी जाएगी।

घरेलू और कृषि उपभोक्ताओं के लिए किस्त सुविधा

सक्रिय घरेलू और कृषि उपभोक्ताओं को एकमुश्त भुगतान करने पर मूल राशि में 10 प्रतिशत और अधिभार में 100 प्रतिशत की छूट मिलेगी। तीन किश्तों में भुगतान करने पर मूल राशि में 5 प्रतिशत और अधिभार में 100 प्रतिशत की छूट दी जाएगी, जबकि छह किश्तों में भुगतान करने पर अधिभार में 100 प्रतिशत की पूरी छूट मिलेगी।

30 जून तक मिलेगा योजना का लाभ

बिजली विभाग के अनुसार यह योजना 30 जून 2026 तक लागू रहेगी। योजना का लाभ लेने के लिए सक्रिय घरेलू और कृषि उपभोक्ताओं को पंजीकरण कराना अनिवार्य होगा। पंजीकरण के समय कुल बकाया राशि का 10 प्रतिशत जमा करना होगा।

बकाया खत्म करने की अपील

बिजली विभाग ने सभी पात्र उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे इस योजना का लाभ उठाकर अपने पुराने बिजली बिलों का निपटारा करें। योजना से संबंधित अधिक जानकारी और पंजीकरण के लिए उपभोक्ता अपने नजदीकी बिजली कार्यालय या क्षेत्र के मीटर रीडर से संपर्क कर सकते हैं।