श्री सत्य साई रन एंड राइड एकता. शांति एवं मानवीय मूल्यों का राष्ट्रीय अभियान…
भगवान श्री सत्य साई बाबा के जन्म शताब्दी वर्ष के पावन अवसर पर श्री सत्य साई सेवा संगठन द्वारा पूरे भारत में विभिन्न राष्ट्रीय स्तर की सेवा एवं जन-जागरुकता गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इसी श्रृंखला में “श्री सत्य साई रन एंड राइड एकता की भावना” नामक राष्ट्रव्यापी अभियान देश के लगभग 60 नगरों में आयोजित किया जा रहा है। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य समाज में एकता, शांति, प्रेम तथा मानवीय मूल्यों का प्रसार करना तथा विशेष रूप से युवाओं में राष्ट्र निर्माण की भावना को सुदृढ़ करना है।
यह अभियान भारत सरकार के युवा एवं खेल मंत्रालय के संयुक्त तत्वावधान में फिट इंडिया अभियान के अंतर्गत आयोजित किया जा रहा है। इसी क्रम में छत्तीसगढ़ राज्य में इस कार्यक्रम के लिए दो नगरों का चयन किया गया था। इस श्रृंखला का प्रथम आयोजन बिलासपुर में दिनांक 22 फरवरी 2026 को सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। अब इस अभियान का अगला आयोजन मिनी इंडिया एवं इस्पात नगरी के रूप में प्रसिद्ध भिलाई शहर में दिनांक 15 मार्च 2026 को प्रातः 6:00 बजे से जयंती स्टेडियम (सेक्टर-10) में आयोजित किया जाएगा।
कार्यक्रम के लिए संगठन द्वारा लगभग 15 दिवस पूर्व पंजीयन प्रक्रिया प्रारंभ की गई थी, जिसमें अत्यंत उत्साह के साथ 2301 प्रतिभागियों ने अपना पंजीयन कराया है। पंजीकृत प्रतिभागियों के लिए 14 मार्च 2026 को प्रातः 9:00 बजे से सायं 6:00 बजे तक टी-शर्ट वितरण की व्यवस्था की गई है। यह आयोजन डॉ. टी. रामा राव (प्रांत अध्यक्ष, श्री सत्य साई सेवा संगठन छत्तीसगढ़) के मार्गदर्शन, डॉ. अरुण शिवम पटनायक (राज्य प्रभारी) के संरक्षण तथा संदीप नायडू (जिला अध्यक्ष) के नेतृत्व में सम्पन्न हो रहा है। भिलाई नगर में कार्यक्रम का समन्वय अंजलि पिल्लई (राष्ट्रीय उप सेवादल समन्वयक) एवं देवेंद्र स्वैन द्वारा किया जा रहा है।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में समिति संयोजक भिलाई श्री मनीष कुमार तथा समिति संयोजक दुर्ग गौरव सिंह ठाकुर के साथ श्याम, पूजा साहू, दिलीप ठाकुर, श्रीनिवास राव, अन्नपूर्णा राव, वीना सोनी, श्रीमती नंदा पिल्लई, सोमेश राव, प्रकाश राव, सौरभ पांडेय, श्रीमती संध्या चेट्टी, अंजनेय शर्मा, आर. शास्त्री, श्रीमती यमला साहू, नितिन नीमा, अशोक चौधरी सहित अनेक समर्पित साई सेवक, साई युवा एवं श्रद्धालु सक्रिय रूप से योगदान दे रहे हैं।
इस आयोजन की तैयारियों में संगठन के साई सेवक, वरिष्ठ सदस्य तथा साई युवा भाई-बहन अत्यंत उत्साह एवं समर्पण के साथ संलग्न हैं। कार्यक्रम के दिन प्रतिभागियों की सुविधा के लिए अल्पाहार, मार्ग के विभिन्न स्थानों पर पेयजल केंद्र, चिकित्सा एम्बुलेंस, चिकित्सकों की टीम तथा आपदा प्रबंधन सहायता दल की समुचित व्यवस्था की गई है, जिससे कार्यक्रम सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित रूप से सम्पन्न हो सके।
विशेष रूप से उल्लेखनीय है कि “श्री सत्य साई रन एंड राइड” किसी प्रकार की प्रतियोगिता नहीं है, बल्कि यह शांति, एकता एवं सेवा की भावना को प्रोत्साहित करने वाला जन-जागरूकता अभियान है। यह आयोजन पारंपरिक मैराथन से भिन्न है, जिसमें विजेता अथवा पराजित की कोई अवधारणा नहीं है। इसमें भाग लेने वाले प्रत्येक प्रतिभागी को स्मृति-चिह्न स्वरूप पदक (मेडल) प्रदान किया जाएगा तथा सभी प्रतिभागियों को सहभागिता का ई-प्रमाणपत्र भी उपलब्ध कराया जाएगा। इस अवसर पर जिला प्रशासन, भिलाई इस्पात संयंत्र प्रबंधन, श्री सत्य साई सेवा संगठन तथा श्री सत्य साई ट्रस्ट के पदाधिकारी एवं गणमान्य नागरिक भी अपनी गरिमामयी उपस्थिति प्रदान करेंगे।
व्ही. संदीप कुमार नायडू
जिला अध्यक्ष
श्री सत्य साई सेवा संगठन, दुर्ग (छत्तीसगढ़)
मो.: 8839832122