June 9, 2026

ईरान में एक बार फिर प्रदर्शन, सड़कों पर उतरी पब्लिक, सेना का कर रही समर्थन…

images

अमेरिका और ईरान के बीच इस्लामाबाद में हुई बातचीत फेल हो गई. इस बातचीत से दुनिया को कोई फायदा नहीं हुआ. ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियन ने रूसी राष्ट्रपति पुतिन से बात की. इसमें उन्होंने कहा कि अमेरिका के तानाशाही रवैये के कारण ही कोई निष्पक्ष समझौता नहीं हो पाया है.

अमेरिका और ईरान के बीच इस्लामाबाद में हुई शांति वार्ता भले ही बिना किसी समझौते के खत्म हो गई हो, लेकिन अब दोनों देशों के बीच बयानबाजी तेज हो गई है. ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन ने साफ तौर पर इस वार्ता के टूटने के लिए अमेरिका को जिम्मेदार ठहराया है. तस्नीम न्यूज एजेंसी के मुताबिक पेजेशकियन ने कहा कि अमेरिका के ‘डबल स्टैंडर्ड’ और ‘तानाशाही रवैये’ के कारण ही कोई निष्पक्ष समझौता नहीं हो सका. उन्होंने यह भी कहा कि ईरान एक ‘संतुलित और न्यायसंगत समझौते’ के लिए पूरी तरह तैयार है, जो क्षेत्र में स्थायी शांति और सुरक्षा सुनिश्चित कर सके, लेकिन इसके लिए जरूरी है कि अमेरिका अंतरराष्ट्रीय कानूनों का पालन करे.

 

यह बयान उन्होंने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ फोन पर बातचीत के दौरान दिया. इस बातचीत में दोनों नेताओं ने इस्लामाबाद वार्ता के बाद के हालात और क्षेत्रीय तनाव पर चर्चा की. पुतिन ने भी पश्चिमी देशों के ‘डबल स्टैंडर्ड’ की आलोचना की और ईरान की संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता का समर्थन किया. उन्होंने ईरान की उस मांग को भी सही ठहराया, जिसमें हालिया हमलों से हुए नुकसान की भरपाई और दीर्घकालिक सुरक्षा गारंटी की बात कही गई है. वहीं दूसरी तरफ डोनाल्ड ट्रंप ने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को बंद करने का फैसला किया है. भारतीय समय के मुताबिक शाम 7:30 बजे होर्मुज का ब्लॉकेड शुरू हो जाएगा.

 

किन मुद्दों पर नहीं बनी बात?

 

इस्लामाबाद में हुई यह वार्ता पिछले कई दशकों में अमेरिका और ईरान के बीच सबसे उच्च स्तर की सीधी बातचीत थी, लेकिन इसके बावजूद कई अहम मुद्दों पर सहमति नहीं बन पाई. खास तौर पर स्ट्रेट ऑफ होर्मुज पर नियंत्रण और ईरान के यूरेनियम संवर्धन (न्यूक्लियर प्रोग्राम) को लेकर दोनों पक्षों में गहरा मतभेद बना रहा.

 

समझौते के बेहद करीब थे

 

ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अरागची ने भी अमेरिका पर निशाना साधते हुए कहा कि ईरान ने ‘पूरी ईमानदारी’ से बातचीत की, लेकिन जब समझौता करीब था, तब अमेरिका ने अपनी शर्तें बदल दीं और दबाव बनाने की कोशिश की. उन्होंने कहा, ‘जहां सद्भाव होता है, वहां सकारात्मक जवाब मिलता है, लेकिन दुश्मनी का जवाब दुश्मनी ही होता है.’

 

इस पूरे घटनाक्रम के बीच एक अहम बात यह भी है कि बातचीत विफल होने के बावजूद हालात तुरंत युद्ध की ओर नहीं बढ़े हैं. दोनों देशों के बीच दो हफ्ते का सीजफायर अभी भी लागू है और अंतरराष्ट्रीय समुदाय लगातार कूटनीति के रास्ते को जारी रखने की अपील कर रहा है. फरवरी के अंत से शुरू हुए इस संघर्ष में अब तक 3,300 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है और होर्मुज जलडमरूमध्य जैसे अहम समुद्री मार्ग पर भी इसका सीधा असर पड़ा है. ईरान ने इस रास्ते पर जहाजों की आवाजाही सीमित कर दी है, जिससे वैश्विक तेल आपूर्ति पर दबाव बना हुआ है.

चीन की अपील, होर्मुज पर तनाव घटाने को कहा

ईरान युद्ध लाइव अपडेट्स: होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर बढ़ते तनाव के बीच चीन ने सभी पक्षों से संयम बरतने की अपील की है. चीन के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता गुओ जियाकुन ने कहा कि इस अहम समुद्री रास्ते को सुरक्षित, स्थिर और बिना रुकावट बनाए रखना पूरी दुनिया के हित में है. उन्होंने यह भी कहा कि चीन ऊर्जा सुरक्षा और सप्लाई को बनाए रखने के लिए सभी देशों के साथ काम करने को तैयार है.

इजरायल ने बिंत जुबैल को घेरा

ईरान युद्ध लाइव अपडेट्स: दक्षिणी लेबनान में इजरायल ने सैन्य कार्रवाई और तेज करते हुए बिंत जुबैल शहर को पूरी तरह घेरने का दावा किया है. इजरायली सेना के मुताबिक इलाके में घेराबंदी पूरी कर ली गई है, जिससे वहां मौजूद लड़ाकों और गतिविधियों पर दबाव बढ़ाया जा सके. बिंत जुबैल पहले से ही लगातार हमलों का केंद्र बना हुआ था और अब इस घेराबंदी के बाद हालात और गंभीर होते दिख रहे हैं.

 

जापान होर्मुज में नहीं भेजेगा माइन हटाने वाले जहाज

ईरान युद्ध लाइव अपडेट्स: होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर जापान ने अभी तक माइंसवीपर भेजने पर कोई फैसला नहीं लिया है. जापान के कैबिनेट चीफ मिनोरु किहारा ने कहा कि फिलहाल स्थिति पर नजर रखी जा रही है और दोनों पक्षों के बीच व्यापक समझौते की जरूरत है. उन्होंने जोर देकर कहा कि सबसे अहम बात यह है कि तनाव कम हो और इस अहम समुद्री रास्ते में जहाजों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए.

लेबनान में ताबड़तोड़ हमले, फॉस्फोरस शेलिंग से हालात गंभीर

ईरान युद्ध लाइव अपडेट्स: दक्षिणी लेबनान में इजरायल ने एयर स्ट्राइक, तोपखाने और फॉस्फोरस शेलिंग के साथ बड़े हमले तेज कर दिए हैं.

बाजौरियेह, नबातियेह अल फौका, सिर एल घरबियेह और चौकीन में कुल 5 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है.

बिंत जुबैल, माजदल जौन और बेत अल सैय्यद जैसे इलाकों पर लगातार हमले जारी हैं.

अल-हनिया, अल-कलीला, अल-मंसूरी और अन्य शहरों में भारी गोलाबारी की गई है.

टायर जिले के जिब्किन इलाके में फॉस्फोरस शेलिंग की खबर है.

सिद्दीकिन शहर पर भी लगातार हवाई हमले किए जा रहे हैं, जिससे इलाके में हालात और बिगड़ते जा रहे हैं.

दक्षिणी लेबनान में हमले तेज, 5 लोगों की मौत

ईरान युद्ध लाइव अपडेट्स: दक्षिणी लेबनान में इजरायली हमलों में 5 लोगों की मौत हुई. बाजौरियेह शहर में हुए हमलों में एक व्यक्ति की जान गई और कई घर व एक स्कूल बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुए. इन हमलों में कम से कम 9 लोग घायल बताए जा रहे हैं. नबातियेह अल फौका और सिर एल घरबियेह में भी दो लोगों की मौत की खबर है. चौकीन शहर में भी दो लोगों की जान गई.

तेहरान के ऐतिहासिक धरोहरों को भारी नुकसान

ईरान युद्ध लाइव अपडेट्स: ईरान में अमेरिकी और इजरायली हमलों से 77 ऐतिहासिक इमारतें, महल और म्यूजियम क्षतिग्रस्त हुए.

करीब 90% नुकसान मामूली है, जबकि 10% को गंभीर बताया गया है.

इनमें से 38 स्थल राष्ट्रीय धरोहर के रूप में दर्ज हैं, बाकी सांस्कृतिक और वास्तु महत्व वाले हैं.

27 स्मारक काजार काल के बताए गए हैं.

प्रभावित जगहों में फर्रुखाबाद पैलेस, इश्रताबाद पैलेस, काहक मिल, कासर जेल, मार्बल पैलेस का स्टोन गेट, अहमद रजा पहलवी पैलेस और रफी निया सिनेगॉग हाउस शामिल हैं.

ड्रोन घुसपैठ नाकाम, इजरायल ने हवा में ही मार गिराया

ईरान युद्ध लाइव अपडेट्स: इजरायल के अपर गलील इलाके में ड्रोन हमले की कोशिश को नाकाम कर दिया गया है. रिपोर्ट्स के मुताबिक लेबनान की ओर से आए इस ड्रोन की वजह से मेटुला और आसपास के इलाकों में सायरन बज उठे. इजरायली सेना ने तुरंत कार्रवाई करते हुए ड्रोन को हवा में ही इंटरसेप्ट कर लिया. इसके बाद अधिकारियों ने कहा कि अब हालात सुरक्षित हैं और लोग अपने शेल्टर से बाहर निकल सकते हैं.

इजरायली हमले में लेबनानी सैनिक की मौत, सेना ने जताया शोक

ईरान युद्ध लाइव अपडेट्स: लेबनान की सेना ने एक सैनिक की मौत की पुष्टि की है, जो 8 अप्रैल को शमश्तर इलाके में हुए इजरायली हमले में घायल हुआ था. सेना के मुताबिक 41 वर्षीय अब्बास हसन कासेम ने रविवार को दम तोड़ दिया. वह सेना में अपनी सेवाओं के लिए कई बार सम्मानित किए जा चुके थे और उन्हें कई मेडल भी मिले थे. कासेम अपने पीछे पत्नी और तीन बच्चों को छोड़ गए हैं.

ईरान की चेतावनी- अमेरिकी नाकेबंदी होगी फेल

ईरान युद्ध लाइव अपडेट्स: होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर अमेरिका की नाकेबंदी की योजना पर ईरान ने कड़ा जवाब दिया है. सुप्रीम लीडर के सैन्य सलाहकार मोहसिन रज़ाई ने कहा कि अमेरिका किसी भी नौसैनिक नाकेबंदी में ‘फेल होने के लिए ही बना है’. उन्होंने दावा किया कि अमेरिका पहले भी होर्मुज को खोलने की कोशिश में ‘ऐतिहासिक हार’ झेल चुका है और अब भी सफल नहीं होगा. रजाई ने साफ कहा कि ईरान की सेना ऐसे किसी कदम को नहीं होने देगी और उसके पास जवाब देने की बड़ी क्षमता मौजूद है. उन्होंने यह भी कहा कि ईरान को ‘ट्वीट और काल्पनिक योजनाओं’ से नहीं रोका जा सकता.

लेबनान में मौत का आंकड़ा 2000 पार, हालात बेहद गंभीर

ईरान युद्ध लाइव अपडेट्स: लेबनान में इजरायल के हमलों के बाद हालात और भयावह होते जा रहे हैं. लेबनान के स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक 2 मार्च से शुरू हुए हमलों में अब तक 2,055 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 6,588 से ज्यादा लोग घायल हैं. लगातार हो रही बमबारी और सैन्य कार्रवाई के चलते नागरिकों पर भारी असर पड़ा है और मानवीय संकट गहराता जा रहा है. यह आंकड़े दिखाते हैं कि संघर्ष कितनी तेजी से बढ़ा है और आने वाले दिनों में हालात और बिगड़ने की आशंका बनी हुई है.

नेतन्याहू का ऐलान- जंग अभी खत्म नहीं

ईरान युद्ध लाइव अपडेट्स: इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने दक्षिणी लेबनान का दौरा कर साफ कर दिया है कि जंग अभी खत्म नहीं हुई है. उन्होंने कहा कि इजरायल के दुश्मन अब ‘अस्तित्व की लड़ाई’ लड़ रहे हैं. इस दौरान उनके साथ रक्षा मंत्री इजरायल कैट्ज, IDF चीफ लेफ्टिनेंट जनरल इयाल जमीर और नॉर्दर्न कमांड के प्रमुख भी मौजूद रहे. नेतन्याहू ने सीमा के पास एक सैन्य चौकी का भी दौरा किया, जहां उन्हें ऑपरेशन की जानकारी दी गई. उनके इस बयान से साफ संकेत मिल रहे हैं कि आने वाले दिनों में सैन्य कार्रवाई और तेज हो सकती है.

यमन के पास जहाज पर हमला, कब्जे की कोशिश

ईरान युद्ध लाइव अपडेट्स: रेड सी में सुरक्षा खतरे एक बार फिर सामने आए हैं, जहां यमन के तट के पास एक जहाज को हथियारबंद समूह ने निशाना बनाया. यूके मरीन ट्रेड ऑपरेशंस के मुताबिक 10 से 12 लोगों की नाव, जिनमें 4-5 के पास ऑटोमैटिक हथियार थे, जहाज के करीब पहुंची और उसे रोकने की कोशिश की. कप्तान के मना करने पर हमलावर जहाज के पास आकर चढ़ने की कोशिश करने लगे. हालांकि चालक दल ने तुरंत कार्रवाई करते हुए फ्लेयर दागा, जिससे हमलावर पीछे हट गए और वहां से निकल गए. घटना के बाद एजेंसियां जांच में जुट गई हैं और जहाजों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है.

 

सोमवार से नाकेबंदी शुरू

ईरान युद्ध लाइव अपडेट्स: अमेरिका ने बड़ा फैसला लेते हुए ऐलान किया है कि सोमवार सुबह 10 बजे से ईरान के खिलाफ समुद्री नाकेबंदी शुरू की जाएगी. यूएस सेंट्रल कमांड के मुताबिक यह कार्रवाई ईरानी बंदरगाहों और तटीय इलाकों में आने-जाने वाले सभी जहाजों को रोकने के लिए होगी. हालांकि होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने वाले उन जहाजों को नहीं रोका जाएगा जो ईरान के अलावा दूसरे देशों के बंदरगाहों के लिए जा रहे हैं. अमेरिकी सेना ने कहा है कि नाकेबंदी लागू होने से पहले व्यापारिक जहाजों को औपचारिक सूचना दी जाएगी.

अमेरिका की नाकेबंदी से किनके ऊपर होगा असर?

ईरान युद्ध लाइव अपडेट्स: होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर नई तस्वीर सामने आई है, जहां ईरान ने कुछ देशों के जहाजों को गुजरने की अनुमति दे रखी है, जबकि अमेरिका और उसके सहयोगियों पर रोक की चेतावनी दी गई है. भारत, चीन और पाकिस्तान के जहाजों को लगातार रास्ता दिया जा रहा है. इसके अलावा जापान, मलेशिया, इंडोनेशिया, इराक, रूस, तुर्की और फिलीपींस के जहाज भी इस रूट से गुजर पा रहे हैं. हाल ही में माल्टा झंडे वाले एक फ्रांस से जुड़े जहाज को भी गुजरने की इजाजत मिली. ऐसे में अमेरिका की संभावित नाकेबंदी सीधे इन देशों को प्रभावित कर सकती है.

कालिबाफ का ट्रंप को जवाब, धमकियों से नहीं झुकेगा ईरान

ईरान युद्ध लाइव अपडेट्स: अमेरिका की नई धमकियों पर ईरान ने सख्त प्रतिक्रिया दी है. ईरान के शीर्ष वार्ताकार मोहम्मद बाकर कालिबाफ ने कहा कि ट्रंप की धमकियों का ईरानी जनता पर कोई असर नहीं पड़ेगा. उन्होंने दो टूक कहा, ‘अगर आप लड़ाई करेंगे तो हम भी लड़ेंगे, और अगर तर्क के साथ आएंगे तो हम भी तर्क से जवाब देंगे.’ कालिबाफ ने यह भी कहा कि ईरान ने बातचीत में अपनी तरफ से कई सकारात्मक पहल की, जिससे कुछ मुद्दों पर प्रगति भी हुई.

ईरान युद्ध लाइव अपडेट्स: होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर नया घटनाक्रम सामने आया है, जहां अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि यूनाइटेड किंगडम इस इलाके में माइंसवीपर जहाज भेजेगा. हालांकि ब्रिटेन के रक्षा मंत्रालय ने इस पर अभी कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी है. इससे पहले ब्रिटिश विदेश मंत्री यवेट कूपर ने कई देशों के साथ बैठक कर इस मार्ग से समुद्री माइंस हटाने और शिपिंग को सुरक्षित बनाने पर चर्चा की थी.

ईरान युद्ध लाइव अपडेट्स: ईरान की रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स ने होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर कड़ी चेतावनी जारी की है. IRGC ने कहा है कि जो भी सैन्य जहाज इस इलाके के पास आएंगे, उन्हें सीजफायर का उल्लंघन माना जाएगा और उनके खिलाफ ‘कड़ा और निर्णायक’ एक्शन लिया जाएगा. ईरान का दावा है कि होर्मुज जलडमरूमध्य उसकी नौसेना के ‘स्मार्ट कंट्रोल’ में है और यह रास्ता सामान्य व्यापारिक जहाजों के लिए खुला है, लेकिन किसी भी सैन्य मौजूदगी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.

ईरान युद्ध लाइव अपडेट्स: होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर अमेरिका की रणनीति बेहद जटिल और जोखिम भरी मानी जा रही है. माना जा रहा है कि अमेरिका सभी जहाजों को रोकने के बजाय सिर्फ ईरानी तेल सप्लाई को निशाना बनाना चाहता है, क्योंकि पूरी नाकेबंदी से सऊदी अरब, कतर, कुवैत और इराक की सप्लाई भी रुक जाएगी और तेल कीमतें तेजी से बढ़ जाएंगी. आम तौर पर रोज करीब 150 जहाज इस रास्ते से गुजरते हैं, जिन्हें रोकना आसान नहीं है. अगर अमेरिकी नौसेना जहाजों की जांच करती है तो इसके लिए बड़े संसाधनों और सहयोगी देशों की जरूरत पड़ेगी. साथ ही ईरान के मिसाइल खतरे के कारण किसी भी सैन्य कार्रवाई में बड़ा जोखिम बना रहेगा, जिससे यह ऑपरेशन बेहद संवेदनशील हो गया है.

ईरान युद्ध लाइव अपडेट्स: होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर सबसे बड़ा सवाल यही बना हुआ है कि आखिर कंट्रोल किसके हाथ में है. ईरान ने इस पूरे संघर्ष में इसी रास्ते को अपनी सबसे बड़ी ताकत बना लिया है और सीजफायर के बावजूद इस पर पकड़ बनाए रखी है. फिलहाल सीमित तौर पर रोज कुछ जहाजों को गुजरने की अनुमति दी जा रही है, जिससे ईरान को रोजाना करीब 200 मिलियन डॉलर की कमाई हो रही है. अमेरिका भी इसे पूरी तरह रोकने से बच रहा है, क्योंकि इससे वैश्विक तेल कीमतें और बढ़ सकती हैं. यही कारण है कि अमेरिका ने अब खुद होर्मुज को बंद करनेका फैसला किया है.