भिलाई महिला महाविद्यालय की छात्राओं द्वारा सूर्या मॉल, भिलाई नगर में आयोजित फ्लैशमोब ने पूरे वातावरण को उत्साह और ऊर्जा से भर दिया…
भिलाई। भिलाई महिला महाविद्यालय की छात्राओं द्वारा सूर्या मॉल, भिलाई नगर में आयोजित फ्लैशमोब ने पूरे वातावरण को उत्साह और ऊर्जा से भर दिया। इस भव्य कार्यक्रम में छात्राओं ने नृत्य और नाटक के माध्यम से अपनी प्रतिभा का अत्यंत प्रभावशाली प्रदर्शन किया।
विशेष रूप से तान्या मिश्रा एवं उनके समूह ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से भिलाई महिला महाविद्यालय के बारे में विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की, जिसे दर्शकों ने अत्यंत सराहा। उनके अभिनय, संवाद और प्रस्तुति शैली ने कार्यक्रम में एक विशेष आकर्षण जोड़ा और सभी को प्रभावित किया।
फ्लैशमोब के दौरान प्रस्तुत किए गए ऊर्जावान नृत्य गार्गी समूह ने दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। कार्यक्रम को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग एकत्रित हुए। छात्राओं के आत्मविश्वास, तालमेल और अभिव्यक्ति ने कार्यक्रम को यादगार बना दिया।
इस कार्यक्रम की विशेषता यह रही कि महाविद्यालय की प्राचार्या श्रीमती प्रतिभा छाया क्लॉडियस ने छात्राओं के इस प्रयास की भूरि-भूरि प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की गतिविधियाँ छात्राओं के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं और उनके आत्मविश्वास को नई ऊँचाइयों तक ले जाती हैं।
साथ ही महाविद्यालय की शिक्षिकाएँ भी इस आयोजन में सक्रिय रूप से सम्मिलित हुईं और छात्राओं का उत्साहवर्धन किया। शिक्षकों के मार्गदर्शन और सहयोग से ही यह कार्यक्रम इतनी भव्यता और सफलता के साथ संपन्न हो पाया।




