गुरुनानक इंग्लिश सीनियर सेकेंडरी स्कूल, सेक्टर-6, भिलाई के विद्यार्थियों ने सीबीएसई कक्षा 10वीं परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया…
भिलाई। गुरुनानक इंग्लिश सीनियर सेकेंडरी स्कूल, सेक्टर-6, भिलाई के विद्यार्थियों ने केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) द्वारा आयोजित कक्षा 10वीं की परीक्षा में इस वर्ष शानदार सफलता अर्जित कर विद्यालय का नाम गौरवान्वित किया है। इस वर्ष परीक्षा में सम्मिलित सभी विद्यार्थियों ने सफलता प्राप्त करते हुए शत-प्रतिशत परिणाम दर्ज किया, जो विद्यालय की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं अनुशासित वातावरण का प्रतीक है।
विद्यालय की छात्रा कामाक्षी साहू ने प्रथम स्थान प्राप्त कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया, वहीं गावड़ी प्रेम कुमार ने द्वितीय स्थान तथा खुशी मोहंती ने तृतीय स्थान हासिल कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया। इन विद्यार्थियों की उपलब्धि न केवल उनके व्यक्तिगत परिश्रम का परिणाम है, बल्कि शिक्षकों के मार्गदर्शन एवं अभिभावकों के सहयोग का भी प्रतिफल है।
विद्यालय की प्रबंधन समिति, श्री गुरु सिंह सभा, के पदाधिकारियों ने सभी सफल विद्यार्थियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित की हैं। समिति के अध्यक्ष सरदार गुरुदेव सिंह एवं महासचिव सरदार सौदागर सिंह ने विद्यार्थियों की इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। उन्होंने विद्यालय के समर्पित एवं अनुभवी शिक्षकों की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षकों के अथक परिश्रम, समर्पण एवं उत्कृष्ट शिक्षण पद्धति के कारण ही यह भव्य सफलता संभव हो सकी है।
उल्लेखनीय है कि वर्ष 1964 में स्थापित यह विद्यालय भिलाई के सबसे प्राचीन एवं प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थानों में से एक है, जो दशकों से अपनी शैक्षणिक उत्कृष्टता, अनुशासन एवं नैतिक मूल्यों के लिए जाना जाता रहा है। विद्यालय निरंतर विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास हेतु प्रतिबद्ध है और भविष्य में भी इसी प्रकार उत्कृष्ट परिणाम देने के लिए संकल्पित है।