पी.जी. कॉलेज ऑफ नर्सिंग, भिलाई द्वारा मचांदुर में संचालित एकदिवसीय प्रसवपूर्व स्वास्थ्य मूल्यांकन एवं स्वास्थ्य शिक्षा कार्यक्रम का सफलतापूर्वक आयोजन…
दुर्ग, 09 जुलाई 2026। पी.जी. कॉलेज ऑफ नर्सिंग, हॉस्पिटल सेक्टर, भिलाई के सामुदायिक स्वास्थ्य नर्सिंग विभाग द्वारा प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र, हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर, मचांदुर में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. पी. एल. भगत के मार्गदर्शन एवं समस्त स्टाफ के सहभागिता से प्रसवपूर्व स्वास्थ्य मूल्यांकन एवं स्वास्थ्य शिक्षा कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम बी.एससी. नर्सिंग सातवें सेमेस्टर के विद्यार्थियों द्वारा पीजी काॅलेज ऑफ नर्सिंग, भिलाई के सामुदायिक स्वास्थ्य नर्सिंग विभाग के संकाय सदस्यों के निर्देशन में आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में कुल 40 विद्यार्थियों ने सक्रिय सहभागिता दी। विद्यार्थियों के साथ पीजी काॅलेज ऑफ नर्सिंग के सामुदायिक स्वास्थ्य नर्सिंग विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. जया चक्रवर्ती, चंद्रकला लिल्हारे, रिंसी मैरी, सहायक प्राध्यापक नेहा रोनाल्ड इमैनुएल, व्याख्याता कंचन, रोमा तथा क्लिनिकल इंस्ट्रक्टर अर्पणा उपस्थित रहीं।कार्यक्रम के दौरान 15 गर्भवती माताओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। विद्यार्थियों द्वारा प्रत्येक गर्भवती महिला की विस्तृत स्वास्थ्य जानकारी ली गई तथा संपूर्ण शारीरिक परीक्षण किया गया।
इसके उपरांत विद्यार्थियों ने गर्भवती माताओं को आयरन युक्त संतुलित आहार के महत्व, एनीमिया की रोकथाम एवं प्रबंधन, नियमित प्रसवपूर्व जाँच, आयरन एवं फोलिक एसिड की गोलियों के नियमित सेवन, व्यक्तिगत स्वच्छता तथा गर्भावस्था के दौरान संतुलित एवं पौष्टिक आहार के संबंध में विस्तृत स्वास्थ्य शिक्षा प्रदान की।
स्वास्थ्य परीक्षण के दौरान एक उच्च जोखिम गर्भावस्था की पहचान भी की गई एवं महिला को नियमित निगरानी एवं विशेषज्ञ चिकित्सा परामर्श की आवश्यकता के संबंध में जानकारी दी गई।
इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य मातृ स्वास्थ्य का संवर्धन, उच्च जोखिम वाली गर्भावस्थाओं की समय रहते पहचान तथा उचित स्वास्थ्य शिक्षा के माध्यम से मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य परिणामों में सुधार करना था। इस अवसर पर विद्यार्थियों को सामुदायिक स्तर पर कार्य करने का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त हुआ, जिससे उनके नैदानिक कौशल, व्यवहारिक ज्ञान तथा सामुदायिक स्वास्थ्य सेवाओं की समझ में उल्लेखनीय वृद्धि हुई।
विद्यार्थियों, संकाय सदस्यों, स्वास्थ्य केन्द्र के अधिकारियों एवं कर्मचारियों तथा गर्भवती माताओं के सक्रिय सहयोग एवं सहभागिता से यह कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
