March 8, 2026

बंगाल पंचायत चुनाव: 696 बूथों पर पुनर्मतदान मतदान

419

पश्चिम बंगाल में मुर्शिदाबाद समेत कई जिलों में 696 बूथों पर आज पुनर्मतदान हो रहा है। आठ जुलाई को पंचायत चुनाव के दौरान हुई हिंसा के बाद राज्य चुनाव आयोग ने दोबारा मतदान कराने का फैसला लिया था।

चुनाव आयोग को वोटिंग के दिन इन बूथों पर मतपेटियों को नुकसान पहुंचाने, पीठासीन अधिकारियों पर हमले और फर्जी मतदान की शिकायतें मिली थीं, जिसके बाद एसईसी ने मतदान को रद्द कर दिया था।

अधिकारियों ने बताया कि पर्यवेक्षकों और रिटर्निंग अधिकारियों से मिली रिपोर्ट के बाद रविवार को एसईसी की बैठक हुई, जिसमें पुनर्मतदान कराने का फैसला किया गया। इनमें मुर्शिदाबाद जिले में सबसे ज्यादा 175 बूथों पर दोबारा मतदान होगा।

इसके बाद मालदा में 112, नदिया में 89, कूचबिहार में 54, उत्तर 24 परगना में 46, उत्तर दिनाजपुर में 42, दक्षिण 24 परगना में 36, पूर्व मिदनापुर में 31, हुगली में 29 और बीरभूम जिले में 14 बूथ शामिल हैं।


वहीं, रविवार देर रात मुर्शिदाबाद के खारग्राम में हिंसा की खबर सामने आई है। पुलिस की एक गाड़ी में भी तोड़फोड़ की गई।  इलाके में पथराव की सूचना के बाद खारग्राम में पुलिस कर्मियों को तैनात किया गया।


वहीं, पश्चिम बंगाल कांग्रेस अध्यक्ष अधीर रंजन चौधरी ने बीएसएफ महानिरीक्षक एससी बुडाकोटी को पत्र लिखकर पुनर्मतदान के दौरान हिंसा की घटनाओं की पुनरावृत्ति को रोकने के लिए पर्याप्त सुरक्षा बल तैनात करने की मांग की है।

चौधरी ने कहा कि पंचायतों के लिए मतदान के दौरान कम से कम 19 लोग मारे गए। उन्होंने कहा कि मतदान केंद्रों और उसके आसपास केंद्रीय सुरक्षा बलों की मौजूदगी यह सुनिश्चित करेगी कि मतदाता निर्भय होकर वोट डालें।

उन्होंने पत्र में लिखा, कृपया सुनिश्चित करें कि केंद्रीय बल सभी मतदाताओं को सुरक्षा प्रदान करें, क्योंकि सत्तारूढ़ टीएमसी के गुंडों ने मतदाताओं को धमकी देना शुरू कर दिया है। इसलिए पुनर्मतदान के दिन समर्थन और केंद्रीय बलों की उपस्थिति जरूरी है। ताकि लोग सभी पुनर्मतदान केंद्रों पर स्वतंत्र और निडर होकर वोट डालें।

You may have missed