Home दुर्ग पुलिस जन मित्र योजना” के अंतर्गत शंकराचार्य मेडिकल कॉलेज में साइबर सुरक्षा,...

पुलिस जन मित्र योजना” के अंतर्गत शंकराचार्य मेडिकल कॉलेज में साइबर सुरक्षा, महिला सुरक्षा, सड़क सुरक्षा एवं नशा मुक्ति पर जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित…

10
0
  •  *स्मृतिनगर चौकी एवं शंकराचार्य मेडिकल कॉलेज प्रबंधन के संयुक्त तत्वावधान में “पुलिस जन मित्र योजना” के अंतर्गत जन-जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।*
  • ▪️ *कार्यक्रम में नशा मुक्ति, सड़क सुरक्षा, महिला सुरक्षा एवं साइबर अपराधों से बचाव जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विशेषज्ञों द्वारा मार्गदर्शन प्रदान किया गया।*
  • ▪️ *शंकराचार्य समूह के अध्यक्ष श्री आई.पी. मिश्रा सहित मेडिकल कॉलेज के वरिष्ठ अधिकारियों, चिकित्सकों, स्टाफ एवं विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।*
  • ▪️ *पुलिस एवं नागरिकों के मध्य संवाद एवं सहभागिता को सुदृढ़ कर सुरक्षित एवं जागरूक समाज के निर्माण का संदेश दिया गया।*

 

आज “पुलिस जन मित्र योजना” के अंतर्गत शंकराचार्य मेडिकल कॉलेज परिसर में जन-जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम स्मृतिनगर पुलिस चौकी एवं शंकराचार्य मेडिकल कॉलेज प्रबंधन के संयुक्त समन्वय से संपन्न हुआ।

कार्यक्रम में शंकराचार्य समूह के अध्यक्ष श्री आई.पी. मिश्रा सहित मेडिकल कॉलेज के वरिष्ठ अधिकारी, चिकित्सक, स्टाफ एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (नगर) श्री शोभराज अग्रवाल ने नशा मुक्ति विषय पर संबोधित करते हुए युवाओं से नशे से दूर रहने तथा स्वस्थ एवं जिम्मेदार नागरिक बनने का आह्वान किया।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) श्री कौशलेन्द्र पटेल ने सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों की जानकारी देते हुए हेलमेट, सीट बेल्ट के उपयोग, सुरक्षित वाहन संचालन एवं यातायात नियमों के पालन के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला।

 

नगर पुलिस अधीक्षक, दुर्ग श्री हर्षित मेहर, IPS ने महिला सुरक्षा विषय पर जानकारी देते हुए महिलाओं की सुरक्षा से संबंधित कानूनी प्रावधानों, हेल्पलाइन सेवाओं तथा समाज की सामूहिक जिम्मेदारी पर विस्तृत मार्गदर्शन दिया।

साइबर विशेषज्ञ रेंज साइबर थाना, दुर्ग से डॉ. संकल्प राय ने साइबर सुरक्षा एवं ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव विषय पर विस्तृत प्रस्तुति देते हुए डिजिटल अरेस्ट, फिशिंग, फर्जी निवेश, ओटीपी फ्रॉड, सोशल मीडिया अपराध, साइबर हेल्पलाइन 1930 एवं साइबर सुरक्षा संबंधी आवश्यक सावधानियों की जानकारी दी।

 

कार्यक्रम का उद्देश्य नागरिकों, विशेषकर युवाओं एवं चिकित्सा समुदाय को कानून, सुरक्षा एवं साइबर जागरूकता के प्रति संवेदनशील बनाना तथा पुलिस एवं समाज के मध्य विश्वास एवं सहयोग को और अधिक मजबूत करना रहा।

सराहनीय भूमिका :

 

उक्त कार्यक्रम के सफल आयोजन में थाना प्रभारी सुपेला श्री एस एन सिंह एवं चौकी प्रभारी स्मृतिनगर श्री अमित अंडानी एवं चौकी स्मृतिनगर के समस्त पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की महत्वपूर्ण एवं सराहनीय भूमिका रही। कार्यक्रम का संचालन डॉ अनुराग चंद्राकर ऑर्थोपेडिक्स विभाग द्वारा किया गया, साथ ही शंकराचार्य मेडिकल कॉलेज प्रबंधन एवं समस्त मेडिकल स्टाफ का भी विशेष सहयोग प्राप्त हुआ।

 

दुर्ग पुलिस की अपील :

 

दुर्ग पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि वे “पुलिस जन मित्र योजना” से जुड़कर पुलिस का सहयोग करें। नशा मुक्ति, महिला सुरक्षा, सड़क सुरक्षा एवं साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक रहें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि या साइबर अपराध की सूचना तत्काल पुलिस अथवा साइबर हेल्पलाइन 1930 पर दें।

 

—0000—