भिलाई : भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) भिलाई में चल रहे हिंदी माह के अंतर्गत काव्य सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस अवसर पर संस्थान के अधिकारियों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए अपनी स्वरचित कविताओं के माध्यम से हिंदी भाषा के प्रति अपने प्रेम, लगाव एवं भावनाओं को प्रभावशाली ढंग से अभिव्यक्त किया।
काव्य सम्मेलन में प्रतिभागियों ने विभिन्न विषयों एवं रसों पर आधारित अपनी रचनाएँ प्रस्तुत कीं। उनकी कविताओं में भाषा, साहित्य, संस्कृति एवं जीवन के विविध पक्षों की भावपूर्ण अभिव्यक्ति के साथ-साथ हास्य-व्यंग्य और वीर रस की प्रभावशाली झलक भी देखने को मिली। हास्य-व्यंग्य से सजी रचनाओं ने श्रोताओं को खूब आनंदित किया, वहीं वीर रस की कविताओं ने उत्साह और जोश का संचार किया। कार्यक्रम के दौरान काव्य-पाठ का वातावरण साहित्यिक उत्साह, सृजनात्मक ऊर्जा और भावनाओं की विविधता से भर गया।
हिंदी माह के अंतर्गत आयोजित यह कार्यक्रम संस्थान में हिंदी के प्रयोग को प्रोत्साहित करने तथा भाषा, साहित्य और संस्कृति के प्रति सकारात्मक वातावरण निर्मित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। आईआईटी भिलाई द्वारा तकनीकी शिक्षा और अनुसंधान के साथ-साथ भारतीय भाषाओं एवं सांस्कृतिक मूल्यों के संरक्षण और संवर्धन को भी निरंतर महत्व दिया जा रहा है।




