Home दुर्ग रिसाली में आयोजित विद्युत उपभोक्ता जागरूकता बैठक में ईसीजीआरएफ की कार्यप्रणाली से...

रिसाली में आयोजित विद्युत उपभोक्ता जागरूकता बैठक में ईसीजीआरएफ की कार्यप्रणाली से अवगत कराए गए उपभोक्ता…

8
0

दुर्ग, 11 सितंबर 2026 – छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड, दुर्ग क्षेत्र के अंतर्गत स्कॉडा संभाग ऑफिस, रिसाली में आज दोपहर 12 बजे विद्युत उपभोक्ता शिकायत निवारण फोरम (ईसीजीआरएफ), दुर्ग के तत्वावधान में विद्युत उपभोक्ता जागरूकता विषय पर एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य उपभोक्ताओं को उनके अधिकारों और बिजली से जुड़ी विभिन्न सेवाओं के प्रति जागरूक करना था।

कार्यक्रम में विद्युत उपभोक्ता शिकायत निवारण फोरम दुर्ग के अध्यक्ष श्री पी.व्ही. सजीव और बी.एस.पी. क्षेत्र के अध्यक्ष श्री अनिल कुमार चौहान विशेष रूप से उपस्थित रहे। इनके साथ ही दुर्ग क्षेत्र के कार्यपालक निदेशक श्री शिरीष सेलट, दुर्ग शहर के अधीक्षण अभियंता श्री जे. जगन्नाथ प्रसाद, भिलाई पश्चिम संभाग के कार्यपालन अभियंता श्री के. सुरेश कुमार, स्कॉडा संभाग भिलाई की कार्यपालन अभियंता सुश्री गीता ठाकुर सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी, सहायक एवं कनिष्ठ अभियंता, तकनीकी स्टाफ और रिसाली तथा भिलाई नगर निगम (हुडको क्षेत्र) के तमाम सम्मानित उपभोक्ता उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान अधिकारियों ने उपभोक्ताओं को विद्युत उपभोक्ता शिकायत निवारण फोरम की कार्यप्रणाली, इसके उद्देश्यों और उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा में फोरम की भूमिका की विस्तार से जानकारी दी। उपस्थित जनों को बताया गया कि यदि स्थानीय कार्यालय या संबंधित अधिकारी के समक्ष शिकायत करने के बाद भी निर्धारित समयावधि में संतोषजनक समाधान नहीं मिलता है, तो उपभोक्ता नियमानुसार फोरम के पास अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं।

इस अवसर पर फोरम की कार्यप्रणाली के अतिरिक्त स्मार्ट मीटर, सोलर कनेक्शन, ई-केवाईसी और अन्य विद्युत संबंधी समस्याओं पर भी व्यापक चर्चा की गई। कार्यक्रम के अंतिम चरण में उपभोक्ताओं ने बिजली आपूर्ति और बिलिंग से जुड़ी अपनी समस्याएं व जिज्ञासाएं अधिकारियों के समक्ष रखीं, जिस पर उचित मार्गदर्शन प्रदान करते हुए समस्याओं का यथासंभव समाधान किया गया। कार्यक्रम का सफल संचालन रिसाली जोन के सहायक अभियंता श्री रविरंजन कुमार द्वारा किया गया।