Home दुर्ग सेवा ही संकल्प एवं स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत भिलाई निगम...

सेवा ही संकल्प एवं स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत भिलाई निगम क्षेत्र में विविध गतिविधियां…

2
0

भिलाईनगर । नगर पालिक निगम भिलाई आयुक्त सुरुचि सिंह के निर्देशानुसार एवं स्वास्थ्य अधिकारी के मार्गदर्शन में सेवा ही संकल्प एवं स्वच्छता ही सेवा अभियान के अंतर्गत निगम क्षेत्र में स्वच्छता, सौंदर्यीकरण एवं जनजागरूकता से जुड़ी विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।

अभियान के तहत 19 सितंबर को जोन क्रमांक-3 क्षेत्र में दो स्थानों को पूर्ण रूप से GVP (गार्बेज वल्नरेबल पॉइंट) मुक्त करते हुए वहां सौंदर्यीकरण कार्य कराया गया। कचरा एकत्रित होने वाले इन स्थानों की साफ-सफाई कर क्षेत्र को व्यवस्थित एवं आकर्षक स्वरूप प्रदान किया गया। साथ ही क्षेत्र में स्थित जर्जर सुलभ शौचालय के कायाकल्प का कार्य भी किया जा रहा है। निगम द्वारा सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता एवं बेहतर नागरिक सुविधाओं को प्राथमिकता देते हुए ऐसे स्थानों को व्यवस्थित किया जा रहा है।

इसी क्रम में जोन क्रमांक-1 अंतर्गत शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कोसानगर में सेवा ही संकल्प अभियान के अंतर्गत “मेरे सपनों का भारत” विषय पर विद्यालय स्तरीय ड्राइंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए अपनी कल्पनाओं और रचनात्मकता को चित्रों के माध्यम से प्रस्तुत किया।

बच्चों ने अपनी सुंदर कलाकृतियों के माध्यम से “स्वच्छ भारत” एवं “विकसित भारत” के सपनों को अभिव्यक्त किया। विद्यार्थियों की चित्रकारी में स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, विकास एवं देश के उज्ज्वल भविष्य की कल्पना स्पष्ट रूप से दिखाई दी।

नगर निगम भिलाई द्वारा सेवा ही संकल्प एवं स्वच्छता ही सेवा अभियान के माध्यम से स्वच्छता को जनआंदोलन का स्वरूप देने तथा बच्चों एवं नागरिकों में स्वच्छता और जिम्मेदार नागरिकता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए निरंतर विभिन्न गतिविधियां संचालित की जा रही हैं।