- ▪️ *विभिन्न थानों में लंबित अपराधों एवं चालान पेशी की समीक्षा करते हुए विवेचना में अनावश्यक विलंब रोकने तथा निर्धारित समय-सीमा में चालान प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।*
- ▪️ *समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण विवेचना पर जोर देते हुए CCTNS में IIF फॉर्म सहित सभी आवश्यक प्रविष्टियां समय पर पूर्ण करने तथा विवेचना संबंधी रिकॉर्ड अद्यतन रखने के निर्देश दिए गए।*
- ▪️ *हवालात एवं बंदी सुरक्षा की समीक्षा करते हुए जहरीली वस्तुओं, केबल-तार, नुकीली सामग्री एवं अन्य जोखिमकारक वस्तुओं को हवालात में नहीं रखने तथा जाली, रोशनदान एवं साफ-सफाई की नियमित जांच के निर्देश दिए गए।*
- ▪️ *जप्त सामग्री के सुरक्षित रख-रखाव के लिए जप्ती पत्रक, मालखाना रजिस्टर एवं CCTNS रिकॉर्ड में पूर्ण समानता बनाए रखने तथा जप्त माल का नियमित मिलान एवं गोशवारा तैयार करने के निर्देश दिए गए।*
- ▪️ *गंभीर अपराधों, मारपीट एवं सड़क दुर्घटनाओं में घटनास्थल का तत्काल निरीक्षण कर इलेक्ट्रॉनिक एवं वैज्ञानिक साक्ष्य संकलित करने तथा आवश्यक कार्यवाहियों की नियमानुसार वीडियोग्राफी करने पर जोर दिया गया।*
- ▪️ *कम अपराध निराकरण दर वाले थानों को लंबित अपराधों एवं शिकायतों का प्राथमिकता से निराकरण करते हुए माह के अंत तक 75 प्रतिशत से अधिक अपराध निराकरण का लक्ष्य प्राप्त करने के निर्देश दिए गए।*
- ▪️ *आदतन अपराधियों, चाकूबाजी एवं मादक पदार्थों की अवैध गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों पर NSA, जिला बदर, बाउंड ओवर सहित प्रचलित कानून के तहत प्रभावी प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।*
- ▪️ *आगामी गणेश विसर्जन को लेकर विसर्जन जुलूसों के साथ पुलिस बल एवं पेट्रोलिंग स्टाफ की तैनाती, प्रमुख विसर्जन स्थलों पर गोताखोर एवं SDRF की उपलब्धता तथा संवेदनशील मार्गों पर विशेष सतर्कता रखने के निर्देश दिए गए।*
पुलिस अधीक्षक द्वारा आज पुलिस कंट्रोल रूम, सेक्टर-06 में राजपत्रित पुलिस अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों की अपराध समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में अपराध नियंत्रण, लंबित प्रकरणों के निराकरण, विवेचना की गुणवत्ता, चालान पेशी, बंदी सुरक्षा, मालखाना प्रबंधन, ई-साक्ष्य तथा आगामी गणेश विसर्जन की कानून व्यवस्था की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान विभिन्न थानों में लंबित अपराधों एवं चालान पेशी की स्थिति की समीक्षा की गई। विवेचकों द्वारा चालान प्रस्तुत करने में हो रहे विलंब को लेकर समयबद्ध विवेचना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। निर्धारित समय-सीमा में चालान प्रस्तुत करने वाले विवेचकों के कार्य की समीक्षा करते हुए सभी प्रकरणों में आवश्यक दस्तावेज एवं CCTNS प्रविष्टियां समय पर पूर्ण करने पर जोर दिया गया।
जिले की अपराध निराकरण दर की समीक्षा करते हुए जिन थानों का निराकरण प्रतिशत जिले के औसत से कम है, उन्हें माह के अंत तक 75 प्रतिशत से अधिक निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। वर्ष 2025 से लंबित शिकायतों एवं साइबर अपराध से संबंधित शिकायतों का प्राथमिकता से निराकरण करने को कहा गया।
बंदी सुरक्षा एवं हवालात निरीक्षण
हवालात एवं बंदियों की सुरक्षा के संबंध में थाना स्तर पर नियमित निरीक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। हवालात एवं टॉयलेट में हार्पिक, एसिड, फिनाइल जैसी जहरीली वस्तुएं, केबल अथवा तार, नुकीली वस्तुएं, आलपिन आदि जोखिमकारक सामग्री नहीं रखने को कहा गया। हवालात की जाली, रोशनदान एवं साफ-सफाई की नियमित जांच कर कमियों को तत्काल दूर करने के निर्देश दिए गए। घायल अथवा मारपीट से संबंधित आरोपियों की स्थिति में आवश्यक चिकित्सकीय परीक्षण एवं उपचार सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
मालखाना प्रबंधन
जप्त सामग्री के सुरक्षित रख-रखाव एवं रिकॉर्ड में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए जप्ती पत्रक, मालखाना रजिस्टर एवं CCTNS में दर्ज विवरण का नियमित मिलान करने के निर्देश दिए गए। सोना-चांदी की जप्ती के मामलों में आवश्यक प्रमाणीकरण एवं दस्तावेजी प्रक्रिया पूर्ण करने तथा नकदी के संबंध में न्यायालयीन प्रक्रिया के अनुसार समय पर कार्रवाई करने को कहा गया। थाना प्रभारी के स्थानांतरण की स्थिति में मालखाने का विधिवत प्रभार हस्तांतरित करना अनिवार्य किया गया।
ई-साक्ष्य एवं वैज्ञानिक विवेचना
गंभीर अपराधों, मारपीट एवं सड़क दुर्घटनाओं में घटनास्थल का तत्काल निरीक्षण कर आवश्यक इलेक्ट्रॉनिक एवं वैज्ञानिक साक्ष्य संकलित करने पर विशेष जोर दिया गया। घटनास्थल, मेमोरेंडम एवं अन्य महत्वपूर्ण पुलिस कार्यवाहियों की नियमानुसार वीडियोग्राफी तथा डिजिटल साक्ष्यों को सुरक्षित रखने के निर्देश दिए गए।
अपराध नियंत्रण एवं प्रतिबंधात्मक कार्रवाई
आदतन अपराधियों, चाकूबाजी एवं मादक पदार्थों की अवैध गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों की निगरानी बढ़ाने तथा प्रचलित कानून के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। आवश्यकतानुसार NSA, जिला बदर एवं बाउंड ओवर की कार्रवाई तथा सक्रिय अपराधियों की गैंग हिस्ट्रीशीट तैयार करने को कहा गया।
गणेश विसर्जन एवं कानून व्यवस्था
आगामी गणेश विसर्जन के मद्देनजर विसर्जन जुलूसों के साथ पर्याप्त पुलिस बल एवं पेट्रोलिंग स्टाफ की तैनाती, प्रमुख विसर्जन स्थलों पर गोताखोर एवं SDRF टीम की उपलब्धता तथा संवेदनशील मार्गों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। शाम के समय ब्रीथ एनालाइजर से वाहन चालकों की जांच तथा प्रमुख मार्गों पर मवेशियों के कारण होने वाली दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए संबंधित विभागों एवं ग्राम पंचायतों के सहयोग से आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया।
दुर्ग पुलिस की अपील
दुर्ग पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि आगामी गणेश विसर्जन के दौरान निर्धारित मार्ग एवं सुरक्षा निर्देशों का पालन करें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि, कानून-व्यवस्था संबंधी समस्या अथवा दुर्घटना की स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना दें। यातायात नियमों का पालन करें तथा नशे की स्थिति में वाहन न चलाएं।
—0000—





