Home दुर्ग दुर्ग मेडिकल कॉलेज में नर्सिंग ऑफिसर्स एसोसिएशन का दो घंटे का सांकेतिक...

दुर्ग मेडिकल कॉलेज में नर्सिंग ऑफिसर्स एसोसिएशन का दो घंटे का सांकेतिक विरोध प्रदर्शन…

14
0
  • ग्रेड पे वेतनमान और संविदा एवं दैनिक वेतनभोगी नर्सिंग स्टाफ के नियमितीकरण की मांग, निराकरण नहीं होने पर 18 नवंबर से अनिश्चितकालीन आंदोलन की चेतावनी

नर्सिंग ऑफिसर्स एसोसिएशन छत्तीसगढ़ द्वारा चिकित्सा शिक्षा विभाग के अंतर्गत कार्यरत नर्सिंग संवर्ग के लिए ग्रेड पे वेतनमान लागू करने तथा संविदा एवं दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों के नियमितीकरण की मांग को लेकर प्रदेश के सभी शासकीय मेडिकल कॉलेजों में दो घंटे का सांकेतिक विरोध प्रदर्शन किया जा रहा है। इसी क्रम में आज चंदूलाल चंद्राकर स्मृति शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय से संबद्ध चिकित्सालय परिसर, कचांदुर, दुर्ग में नर्सिंग संवर्ग के कर्मचारियों ने दो घंटे का सांकेतिक विरोध प्रदर्शन कर अपनी मांगों के समर्थन में आवाज बुलंद की।

एसोसिएशन का कहना है कि चिकित्सा शिक्षा विभाग में छठे केंद्रीय वेतनमान का लाभ अधिकारी वर्ग एवं चिकित्सकों सहित विभाग के अन्य कर्मचारियों को प्रदान किया गया, लेकिन नर्सिंग संवर्ग को आज तक इससे वंचित रखा गया है। इस विसंगति को दूर करने के लिए नर्सिंग संवर्ग पिछले 14 वर्षों से संघर्ष कर रहा है, लेकिन अब तक मांगों का निराकरण नहीं हो पाया है।

एसोसिएशन के अनुसार, माननीय स्वास्थ्य मंत्री के निर्देश पर ग्रेड पे वेतनमान के संबंध में 30 जनवरी 2026 को प्रस्ताव तैयार किया गया था। हालांकि, प्रस्ताव को लागू करने के बजाय 30 जून 2021 को तैयार 2018 की कमेटी की रिपोर्ट से संबंधित अमान्य प्रस्ताव की प्रति संलग्न कर नए प्रस्ताव को प्रभावित करने का प्रयास किया गया है। संघ ने इस प्रक्रिया का पुरजोर विरोध करते हुए संबंधित प्रस्ताव पर शीघ्र निर्णय लेने की मांग की है।

 

संघ ने सितंबर माह में प्रस्तुत आवेदन पर भी शासन से सार्थक पहल करने की अपेक्षा जताई है। एसोसिएशन का कहना है कि चार वर्षीय डिग्रीधारी स्टाफ नर्सों को एक वर्षीय पैरामेडिकल पाठ्यक्रम से संबंधित कर्मचारियों के समकक्ष वेतनमान दिया जाना स्वीकार्य नहीं है। इसी तरह, दैनिक वेतनभोगी स्टाफ नर्सों को गार्ड एवं सफाई कर्मचारियों के समान वेतनमान दिया जाना नर्सिंग जैसे महत्वपूर्ण एवं तकनीकी पेशे की गरिमा के विपरीत है।

 

एसोसिएशन ने स्पष्ट किया है कि नर्सिंग संवर्ग की वेतन संबंधी विसंगतियों को दूर करने, ग्रेड पे वेतनमान लागू करने तथा संविदा एवं दैनिक वेतनभोगी नर्सिंग कर्मचारियों के नियमितीकरण की मांगों पर शासन द्वारा उचित निर्णय नहीं लिया गया, तो संघ द्वारा पूर्व घोषित कार्यक्रम के अनुसार 18 नवंबर 2026 से प्रदेशभर में नर्सिंग संवर्ग का अनिश्चितकालीन आंदोलन शुरू किया जाएगा।

 

संघ ने शासन से मांगों पर गंभीरतापूर्वक विचार करते हुए समय रहते सकारात्मक निर्णय लेने की अपील की है, ताकि प्रस्तावित अनिश्चितकालीन आंदोलन की स्थिति निर्मित न हो।