साइबर अपराध पर सीबीआई का शिकंजा, कई राज्यों में छापेमारी…
नई दिल्ली: देशभर में साइबर आधारित वित्तीय अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन ‘चक्र-वी’ के तहत केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने दिल्ली, हिसार, लखनऊ, मुंबई, पुणे और नासिक समेत कुल 10 स्थानों पर छापेमारी की है। यह कार्रवाई एक संगठित साइबर निवेश धोखाधड़ी के मामले में की गई। इस दौरान सीबीआई ने मुंबई के कल्याण निवासी एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जो धोखाधड़ी में सक्रिय रूप से शामिल था। वह साइबर अपराधियों को पहले से सक्रिय सिम कार्ड और ‘म्यूल’ बैंक खातों की आपूर्ति करता था, जिससे इन अवैध गतिविधियों को अंजाम देना संभव हो सका। तलाशी के दौरान आरोपी के पास से बड़ी मात्रा में आपत्तिजनक डिजिटल और दस्तावेजी साक्ष्य बरामद हुए हैं।