June 7, 2026

लगभग 46 लाख 65 हजार रुपए की लागत से खैरझिटी सबस्टेशन की क्षमता बढ़ाई…

Screenshot_20250623_193445 (1)
  • 09 ग्रामों के दो हजार से अधिक उपभोक्ता एवं किसान होंगे लाभान्वित

दुर्ग, 23 जून 2025 – छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड द्वारा मुख्यमंत्री अधोसंरचना विकास योजना के अंतर्गत उपभोक्ताओं एवं किसानों को पर्याप्त वोल्टेज के साथ निर्बाध विद्युत सप्लाई देने के लिए विद्युत उपकेंद्रों की क्षमता बढ़ाई जा रही हैं। इसी तारतम्य में छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड, दुर्ग क्षेत्र द्वारा विभागीय संभाग अहिवारा के अंतर्गत स्थित 33/11 के.व्ही. विद्युत उपकेंद्र(सबस्टेशन) खैरझिटी में पॉवर ट्रांसफार्मर की क्षमता 3.15 एम.व्ही.ए. से बढ़ाकर 05 एम.व्ही.ए. किया गया, जिसे दिनांक 19 जून 2025 को उर्जीकृत किया गया। उक्त कार्य पूर्ण होने से उपकेंद्र के अंतर्गत आने वाले 09 ग्रामों के लगभग 2100 उपभोक्ताओं एवं किसानों को निर्बाध एवं गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति मिलेगी। पूर्व से सबस्टेशन में एक नग 05 एम.व्ही.ए. एवं एक नग 3.15 एम.व्ही.ए. के दो पॉवर ट्रांसफार्मर स्थापित थे, जिनमें से एक नग 3.15 एम.व्ही.ए. के पॉवर ट्रांसफार्मर की क्षमता बढ़ाकर 05 एमवीए का पॉवर ट्रांसफार्मर लगाया गया। इस कार्य से उपकेंद्र की क्षमता बढकर 10 एमवीए हो गई है, जिससे ओवरलोड की समस्या का निराकरण हो गया है।

उल्लेखनीय है कि उक्त कार्य मुख्यमंत्री अधोसंरचना विकास योजना के अंतर्गत लगभग 46 लाख 65 हजार रुपए की लागत से पूर्ण किया गया है। छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड, दुर्ग क्षेत्र के मुख्य अभियंता ने उक्त कार्य को क्षेत्र में उपभोक्ताओं एवं किसानों के हित में सतत विद्युत आपूर्ति के लिए सराहनीय बताते हुए कहा कि 33/11 के.व्ही. सबस्टेशन खैरझिटी में पॉवर ट्रांसफार्मर की क्षमता बढ़ाने से ग्राम खैरझिटी, डिहिपारा, भाटाकोकड़ी, घोटवानी, मुड़पार, धुमा, रौंदा, परसकोल एवं बिरेभाट के लगभग 2100 किसान एवं उपभोक्ता लाभान्वित होंगे। उन्होंने अधीक्षण अभियंता वृत्त श्री सलिल कुमार खरे, कार्यपालन अभियंता परियोजना श्री डी.के.भारती, कार्यपालन अभियंता एसटीएम श्री पी.के.पलसोकर एवं कार्यपालन अभियंता अहिवारा संभाग श्री टी.एल.सहारे तथा उनकी पूरी टीम को बधाई देते हुए कहा कि पॉवर कंपनी के अधिकारी एवं कर्मचारी उपभोक्ताओं एवं किसानों तक गुणवत्तापूर्ण बिजली पहुंचाने के लिए समर्पित होकर कार्य कर रहें हैं। अतिरिक्त पॉवर ट्रांसफार्मर लगने से किसानों एवं उपभोक्ताओं को बेहतर विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जा सकेगी।

 

You may have missed