March 7, 2026

‘समय लगा, मगर तुमने हार नहीं मानी’, अभिषेक ने जीता बेस्ट एक्टर का अवॉर्ड, पिता अमिताभ बच्चन ने जाहिर की खुशी…

175534322017052
  • मेलबर्न फिल्म फेस्टिवल में अभिषेक बच्चन ने बेस्ट एक्टर का अवॉर्ड जीता. उन्हें यह पुरस्कार ‘आई वांट टू टॉक’ मूवी के लिए मिला. इस मौके पर अमिताभ बच्चन ने बेटे अभिषेक बच्चन की जमकर तारीफ की.

नई दिल्ली:  महानायक अमिताभ बच्चन अपने बेटे अभिषेक बच्चन की तारीफ करने का कोई मौका नहीं छोड़ते हैं. वह अक्सर सोशल मीडिया पर कुछ ना कुछ उनके बारे में लिखते रहते हैं. अब बिग बी ने अभिषेक को मेलबर्न फिल्म फेस्टिवल में ‘आई वांट टू टॉक’ के लिए बेस्ट एक्टर का अवॉर्ड मिलने पर बधाई दी है. इस खास मौके पर उन्होंने अपने ब्लॉग के जरिए दिल की भावनाएं जाहिर की.

‘समय लगा, मगर तुमने हार नहीं मानी’, Big B ने की बेटे अभिषेक की तारीफ

‘आई वांट टू टॉक’ के लिए अभिषेक बच्चन को मिला अवॉर्ड.

अमिताभ ने अपने ब्लॉग में एक फोटो पोस्ट की, जिसमें अभिषेक हाथों में ट्रॉफी पकड़े हुए मुस्कुरा रहे हैं. साथ ही एक मैगजीन कवर भी पोस्ट किया गया, जिसमें टैगलाइन थी- ‘द बच्चन ब्लूप्रिंट’. अमिताभ ने लिखा, ‘मैं इस पूरी दुनिया का सबसे खुशकिस्मत पिता हूं. अभिषेक ने मेहनत, ईमानदारी और कभी हार न मानने वाले रवैये के साथ अपने दादाजी की विरासत को आगे बढ़ाया है.’

समय लगा, लेकिन तुमने हार नहीं मानी

उन्होंने लिखा, ‘अभिषेक ने कभी हालात से हार नहीं मानी. लोग चाहे जितना गिराने की कोशिश करें, वह हर बार मेहनत से खड़े हुए और पहले से भी ऊंचे उठे.’ बिग बी ने कविता की चंद लाइनें लिखी, ‘तुम मुझे जितना गिराओगे, मैं अपने परिश्रम से फिर खड़ा होऊंगा और ऊंचा खड़ा होऊंगा. समय लगा लेकिन तुमने हार नहीं मानी. अपने बल पर दुनिया को तुमने दिखा दिया.’

अभिषेक बच्चन ने अपनाया यह रास्ता

इस मौके पर अमिताभ ने अपने पिता की एक कविता को याद किया और लिखा, ‘मैंने समंदर से सीखा है जीने का सलीका, चुपचाप से बहना और अपनी मौज में रहना.’ उन्होंने कहा कि अभिषेक ने भी यही रास्ता अपनाया, बिना किसी दिखावे के, बस अपने काम से अपनी पहचान बनाई.’

मजाक उड़ाने वाले बजा रहे तालियां

ब्लॉग में अमिताभ ने आगे कहा कि कुछ साल पहले जब उन्होंने एक फिल्म में अभिषेक के अभिनय की तारीफ की थी, तो कुछ लोग हंसने लगे थे, बोले कि एक पिता अपने बेटे की जरूरत से ज्यादा तारीफ कर रहा है. उन्होंने लिखा, ‘लोगों ने मेरा मजाक उड़ाया, लेकिन आज वही लोग तालियां बजा रहे हैं. अब समय ने जवाब दे दिया है. अभिषेक की मेहनत और कला को दुनिया ने पहचाना है. जो लोग पहले हंसते थे, अब सम्मान दे रहे हैं.’

पूरे परिवार में दौड़ी खुशी की लहर

ब्लॉग पोस्ट के आखिर में अमिताभ ने लिखा, ‘जीत ही सबसे बड़ा जवाब होती है और तुमने वो जीत हासिल की है. चुपचाप रहना और अपनी मौज में बहना, यही असली राज है.’ उन्होंने कहा कि यह पुरस्कार सिर्फ अभिषेक के लिए नहीं, पूरे परिवार के लिए एक बड़ी खुशी है.

 

 

You may have missed