लोन फ्रॉड मामले पर ED का अनिल अंबानी पर बड़ा एक्शन, कुर्क की गई 3000 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति…
नई दिल्ली: दिग्गज कारोबारी अनिल अंबानी और उनके रिलायंस ग्रुप के खिलाफ बड़ा कदम उठाते हुए ईडी (प्रवर्तन निदेशालय) ने शुक्रवार को 3,000 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्तियां कुर्क की. इनमें मुंबई के बांद्रा में अंबानी का पाली हिल हाउस और दिल्ली, नोएडा, मुंबई, गोवा, पुणे, हैदराबाद और चेन्नई सहित अन्य शहरों में रिलायंस कम्युनिकेशन और रिलायंस इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड के अन्य फ्लैट, प्लॉट और कार्यालय शामिल हैं.
अनिल अंबानी की 3,000 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति कुर्क
ईडी ने रिलायंस समूह के चेयरमैन अनिल अंबानी की समूह कंपनियों के खिलाफ धन शोधन जांच के तहत उनसे जुड़ी 3,000 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्तियां कुर्क की हैं। सूत्रों ने बताया कि संघीय जांच एजेंसी ने धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत संपत्तियों को कुर्क करने के लिए चार अनंतिम आदेश जारी किए हैं। इन संपत्तियों में 66 वर्षीय अंबानी का मुंबई के पाली हिल स्थित में घर और उनके समूह की कंपनियों की अन्य आवासीय एवं वाणिज्यिक संपत्तियां शामिल हैं। दिल्ली में महाराजा रणजीत सिंह मार्ग पर रिलायंस सेंटर का एक भूखंड और राष्ट्रीय राजधानी, नोएडा, गाजियाबाद, मुंबई, पुणे, ठाणे, हैदराबाद, चेन्नई और पूर्वी गोदावरी में कई अन्य संपत्तियां भी कुर्क की गई हैं। सूत्रों के अनुसार, कुर्क की गई संपत्तियों का कुल मूल्य 3,084 करोड़ रुपये है।