March 6, 2026

7 छक्के, 8 चौके, दो साल बाद गरजे क्विंटन डी कॉक ने नया ODI रिकॉर्ड बनाया…

153113830

पाकिस्तान और दक्षिण अफ्रीका के बीच तीन वनडे मैचों की सीरीज का आयोजन हो रहा है। इस सीरीज के पहले मुकाबले में मेजबान पाकिस्तान क्रिकेट टीम (Pakistan Cricket Team) ने दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट टीम (South Africa Cricket Team) को 2 विकेट से शिकस्त देकर सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली थी, लेकिन दूसरे वनडे मैच में दक्षिण अफ्रीकी टीम ने जोरदार पलटवार किया। सीरीज का दूसरा मुकाबला एक ज्यादा स्कोर वाला मैच साबित हुआ जहां दक्षिण अफ्रीकी टीम के गेंदबाजों के साथ-साथ, उसके बल्लेबाजों ने भी जबरदस्त प्रदर्शन करके पाकिस्तान को पस्त कर दिया। इस दौरान दक्षिण अफ्रीका का वो खिलाड़ी चमका जिसके कमाल का पिछले दो सालों से उनके फैंस और टीम को इंतजार था। वो खिलाड़ी हैं अनुभवी बल्लेबाज क्विंटन डी कॉक (Quinton de Kock), जिन्होंने दूसरे वनडे में पाकिस्तानी गेंदबाजों को पूरी तरह से पस्त कर दिया। इस दौरान उन्होंने अपने ही देश के महान पूर्व बल्लेबाज हर्शल गिब्स (Herchelle Gibbs) का रिकॉर्ड भी तोड़ दिया।

दक्षिण अफ्रीका के महान बल्लेबाज का कमाल

पाकिस्तान-साउथ अफ्रीका वनडे अंतरराष्ट्रीय सीरीज के दूसरे मैच में दक्षिण अफ्रीका के महान बल्लेबाज क्विंटन डी कॉक ने कई सालों से अटूट रहने वाला एक रिकॉर्ड तोड़ डाला। यहां हम जानेंगे कि इस धुरंधर बल्लेबाज ने कौन सा रिकॉर्ड तोड़ा है और पाकिस्तान पर इस मैच में कैसे वो हावी हुआ।

पाकिस्तान और दक्षिण अफ्रीका का दूसरा वनडे मैच

मेजबान पाकिस्तान और मेहमान दक्षिण अफ्रीका की वनडे टीमों के बीच ODI सीरीज का दूसरा मुकाबला भी फैसलाबाद के इकबाल स्टेडियम में आयोजित हुआ। इस मुकाबले में पाकिस्तान ने टॉस जीतने के बाद तय किया कि वे पहले बल्लेबाजी करेंगे।

बाबर, रिजवान, जमान सस्ते में आउट हुए

पाकिस्तान पहले बैटिंग करने उतरी और उसने अपना पहला विकेट सिर्फ 1 रन के स्कोर पर फखर जमान (0 रन) के रूप में गंवा दिया। इसके बाद 17 रन के स्कोर पर बाबर आजम (11 रन) आउट हुए और फिर मोहम्मद रिजवान 11 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। इस तरह पाकिस्तान ने 22 रन पर अपने 3 विकेट गंवा दिए थे।

सईम अयूब और सलमान आगा ने दिखाया दम

तीन विकेट सस्ते में गिरने के बाद युवा ओपनर सईम अयूब ने सलमान आगा के साथ मिलकर पाकिस्तान की पारी को संभाला। सईम अयूब ने 53 रनो की पारी खेली, जबकि सलमान आगा ने 106 गेंदों में 69 रन बनाए। अंतिम ओवरों में मोहम्मद नवाज का बल्ला भी गरजा और उन्होंने 59 गेंदों में 59 रनों की पारी खेलकर पाकिस्तान को निर्धारित 50 ओवरों में 9 विकेट के नुकसान पर 269 रन के स्कोर तक पहुंचाने में योगदान दिया

नांद्रे बर्गर सबसे सफल गेंदबाज

दक्षिण अफ्रीका की तरफ से इस दौरान सबसे सफल गेंदबाज नांद्रे बर्गर रहे जिन्होंने शानदार गेंदबाजी करते हुए 10 ओवर में 46 रन देते हुए 4 विकेट झटके। उनके अलावा पीटर ने 8 ओवर में 55 रन देकर 3 विकेट लिए। जबकि दो विकेट कॉर्बिन बॉश के खाते में गए।

दक्षिण अफ्रीकी ओपनर्स की अच्छी शुरुआत

दक्षिण अफ्रीका जब जवाब देने उतरी तो इस बार अलग ही अंदाज में नजर आए। उनके ओपनर लुहान डी प्रिटोरियस ने 40 गेंदों में 46 रनों की तेज पारी खेली और अनुभवी ओपनर क्विंटन डी कॉक के साथ पहले विकेट के लिए 81 रनों की साझेदारी की। प्रिटोरियस के आउट होने के बाद क्विंटन डी कॉक ने अपने रनों की रफ्तार और तेज कर दी।

क्विंटन डी कॉक ने खत्म किया दो साल का सूखा

वनडे क्रिकेट के महान बल्लेबाजों में शुमार किए जाने वाले क्विंटन डी कॉक पिछले दो सालों से वनडे क्रिकेट में शतक के लिए तरस रहे थे, आखिरकार वो लय में लौटे और उन्होंने सिर्फ 96 गेंदों में अपने करियर का 22 वां वनडे शतक पूरा किया। वो यहीं नहीं रुके और 119 गेंदों में नाबाद 123 रनों की पारी खेल डाली जिसमें 7 छक्के और 8 चौके शामिल रहे। उनके साथ टोनी डी जोर्जी भी चमके जिन्होंने 63 गेंदों में 76 रनों की धुआंधार पारी खेली और दूसरे विकेट के लिए 153 रनों की पार्टनरशिप कर डाली। टोनी तो आउट हुए लेकिन क्विंटन डी कॉक अपनी टीम को सिर्फ 40.1 ओवर में ही 8 विकेट से जीत दिलाकर लौटे। अब सीरीज 1-1 से बराबर हो चुकी है।

सालों से अटूट ODI रिकॉर्ड को तोड़ डाला

क्विंटन डी कॉक ने इस मैच में अपने वनडे करियर का 22वां शतक लगाया जिसके साथ ही उन्होंने दक्षिण अफ्रीका के पूर्व धुआंधार बल्लेबाज हर्शल गिब्स का बड़ा रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिया। दोनों खिलाड़ी 21-21 वनडे शतकों के साथ लंबे समय से बराबरी पर थे, अब क्विंटन डी कॉक आगे निकल गए हैं और दक्षिण अफ्रीका की तरफ से सर्वाधिक वनडे शतक लगाने के मामले में तीसरे नंबर पर पहुंच गए हैं। वो सिर्फ इस लिस्ट में अब हाशिम अमला (27 वनडे शतक) और एबी डिविलियर्स (25 वनडे शतक) से पीछे हैं।