भव्य होगा NDA सरकार का शपथ ग्रहण, बेंगलुरु से मंगाए गए फूल, 40,000 लोगों के बैठने की व्यवस्था, VIP’s के लिए 1500 सोफे…
- पटना के गांधी मैदान में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी समेत देशभर के शीर्ष एनडीए नेताओं की मौजूदगी में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ ही उपमुख्यमंत्री और कुछ चुनिंदा मंत्री शपथ ले सकते हैं. इसके लिए तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं.
पटना: बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए को मिले जोरदार बहुमत के बाद अब नई सरकार के शपथ ग्रहण समारोह को भव्य और ऐतिहासिक बनाने की तैयारी जोरदार तरीके से शुरू हो गई है. पटना के गांधी मैदान में इसकी तैयारी हो रही है. आज यानी 17 नवंबर से लेकर 20 नवंबर तक गांधी मैदान में आम लोगों की एंट्री पूरी तरह बंद कर दी गई है. नगर निगम से लेकर वन विभाग और सैकड़ों मजदूर गांधी मैदान को सजाने में लगे हुए हैं.
मिली जानकारी के मुताबिक प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी समेत देशभर के बड़े एनडीए नेताओं की मौजूदगी में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ ही उपमुख्यमंत्री और कुछ चुने हुए मंत्री शपथ ले सकते हैं. इसी को लेकर हर तरह की तैयारी हो रही है.
40 हजार लोगों की क्षमता वाला जर्मन पंडाल
पटना में नई सरकार के शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियां तेजी से आगे बढ़ रही हैं. गांधी मैदान में जर्मन हैंगर तैयार किया जा रहा है, जिसकी क्षमता करीब 40,000 लोगों की होगी. समारोह के लिए 30,000 से अधिक कुर्सियां सजाई जाएंगी, जबकि वीवीआईपी मेहमानों के लिए 1,500 से ज्यादा सोफों की व्यवस्था की जा रही है. फिलहाल गांधी मैदान में घास की कटाई हो रही है. इसके बाद कारपेट बिछाने का काम शुरू होगा. लगभग 100 से 150 मजदूर तैयारियों में लगे हुए हैं.
बेंगलुरु से मंगाए गए फूल
पूरे गांधी मैदान को रंग-बिरंगी लाइटों से सजाया जाएगा. इसके साथ ही मुख्य मंच को सजाने के लिए बेंगलुरु से फूल मंगाए गए हैं. नगर निगम की वॉटर स्प्रिंकलर गाड़ियां लगातार मैदान में पानी का छिड़काव कर रही हैं, ताकि धूल को पूरी तरह नियंत्रित किया जा सके.
वन विभाग के कर्मचारी गांधी मैदान में मौजूद पेड़ों की कटाई करने में लगे हुए हैं. सुरक्षा के मद्देनजर बम निरोधक दस्ते ने भी मैदान का निरीक्षण किया है. मंच के आस-पास सहित पूरे गांधी मैदान की गहरी जांच की जा रही है.
शामिल होंगे कई वीवीआईपी लोग
इस शपथ ग्रहण समारोह में देश के प्रधानमंत्री भी मौजूद रह सकते हैं. इसके अलावा बड़े नेताओं का जमावड़ा भी लगने वाला है. एनडीए शासन वाले राज्यों के मुख्यमंत्री और वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहेंगे. बड़े नेताओं की मौजूदगी को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को टाइट किया जा रहा है. सीसीटीवी की व्यवस्था भी ठीक की जा रही है.
लोगों में भी रुचि का विषय
गांधी मैदान में चल रही लगातार हलचल और तैयारियों ने आम लोगों में रुचि का विषय बना दिया है. सुबह से लेकर देर शाम तक मैदान के आसपास भारी संख्या में लोग दिलचस्पी के साथ तैयारियों को देखते नजर आ रहे हैं. आसपास की गलियों, फुटपाथों और चाय की दुकानों पर लोगों के बीच शपथ ग्रहण को लेकर खूब बातें हो रही हैं.
स्थानीय लोग कह रहे हैं कि लंबे समय बाद किसी सरकार का शपथ ग्रहण गांधी मैदान में इतनी भव्यता के साथ आयोजित हो रहा है. कई लोग यह भी बताते हैं कि इससे पहले इतने बड़े स्तर पर तैयारियां शायद ही कभी देखी गई हों.