June 5, 2026

रामलला दर्शन हेतु श्रद्धालुओं का जत्था नगरी से रवाना…

IMG-20251126-WA0002
  • चार दिवसीय पवित्र यात्रा में करेंगे अयोध्या, काशी और अन्य तीर्थ स्थलों के दर्शन

नगरी।जनपद पंचायत नगरी एवं नगर पंचायत नगरी के संयुक्त तत्वावधान में आज सुबह एक भव्य एवं भावपूर्ण समारोह के साथ रामलला दर्शन हेतु श्रद्धालुओं का जत्था नगरी से रवाना किया गया। कुल 31 रामभक्तों की यह टोली विशेष रूप से व्यवस्था की गई बस द्वारा नगरी से रायपुर के लिए प्रस्थान हुई। रायपुर से सभी श्रद्धालु छत्तीसगढ़ के माननीय मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की पहल पर चलाई गई विशेष तीर्थयात्रा ट्रेन में शामिल होकर अयोध्या धाम पहुँचेंगे और मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्री रामलला के भव्य दर्शन करेंगे।

इस चार दिवसीय धार्मिक यात्रा में श्रद्धालु न केवल अयोध्या राम मंदिर की दिव्य अनुभूति प्राप्त करेंगे, बल्कि काशी विश्वनाथ मंदिर, हनुमान मंदिर तथा अन्य महत्वपूर्ण आध्यात्मिक स्थलों के भी दर्शन करने का सौभाग्य पाएंगे। धार्मिक उत्साह और आध्यात्मिक ऊर्जा से भरपूर यह जत्था आगामी 30 तारीख को नगरी लौटेगा।

श्रद्धालुओं को हरी झंडी दिखाकर विधिवत रवाना करने के लिए जनपद पंचायत तथा नगर पंचायत के पदाधिकारी एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

इस अवसर पर जनपद पंचायत अध्यक्ष महेश कोटा, नगर पंचायत नगरी अध्यक्ष बलजीत छाबड़ा, जनपद उपाध्यक्ष हृदय साहू, पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष नागेंद्र शुक्ला, वरिष्ठ भाजपा नेता कमल डागा, पूर्व मंडल अध्यक्ष मोहन नाहटा, पूर्व सरपंच महेंद्र नेम, पार्षद चेलेश्वरी साहू, जयंती टुकेश्वरी साहू, सभापति अश्वनी निषाद, राजा पवार, यसकरण पटेल, लखन साहू, मोतीलाल दिवाकर सहित अन्य सामाजिक व राजनीतिक पदाधिकारी मौजूद रहे।

 

रवानगी से पहले सभा हाल में सभी श्रद्धालुओं का गुलाल लगाकर, आरती उतारकर एवं शुभकामनाएँ देकर पारंपरिक रूप से सम्मान किया गया। आयोजन स्थल पर उत्साह, भक्ति और आनंद का ऐसा वातावरण था कि हर कोई भावविभोर दिखाई दिया।

समाज के वरिष्ठजनों एवं पदाधिकारियों ने अपनी शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि यह तीर्थयात्रा न केवल धार्मिक आस्था को मजबूत करेगी, बल्कि सामाजिक और सांस्कृतिक एकता का भी संदेश देगी।

 

भक्ति, उल्लास और राम नाम के जयघोषों के बीच श्रद्धालुओं का जत्था अपनी पावन यात्रा पर प्रस्थान कर गया।

You may have missed