संयत्र द्वारा निक्षय पोषण मित्र अभियान के तहत टीबी रोगियों को पोषण सहायता…
सेल,06.01.2026- भिलाई इस्पात संयंत्र द्वारा टीबी रोग उन्मूलन एवं रोगियों के पोषण सुदृढ़ीकरण की दिशा में निक्षय पोषण मित्र अभियान के अंतर्गत टीबी रोगियों को पोषण सहायता प्रदान की गई। इस क्रम में राष्ट्रीय क्षय रोग उन्मूलन कार्यक्रम (एनटीईपी) इकाई, एम्स रायपुर द्वारा भिलाई इस्पात संयंत्र के सहयोग से विगत दिनों में एम्स रायपुर के सभागार में फूड बास्केट वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
भिलाई इस्पात संयंत्र ने अपनी निगमित सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) पहल के अंतर्गत इस कार्यक्रम के लिए 5 लाख रूपये का योगदान प्रदान किया, जिससे उपचाररत टीबी रोगियों को आवश्यक पोषण सहायता उपलब्ध कराई गई। यह पहल टीबी उपचार के दौरान कुपोषण जैसी गंभीर चुनौती से निपटने तथा उपचार परिणामों को बेहतर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
इस अवसर पर भिलाई इस्पात संयंत्र के कार्यपालक निदेशक (सामग्री प्रबंधन) श्री अजय कुमार चक्रवर्ती मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने अपने संबोधन में सार्वजनिक स्वास्थ्य एवं सामुदायिक कल्याण के प्रति सेल एवं भिलाई इस्पात संयंत्र की प्रतिबद्धता को रेखांकित करते हुए इस प्रकार की साझेदारियों को समाज के लिए अत्यंत आवश्यक बताया।
कार्यक्रम में बीएसपी के जवाहरलाल नेहरू चिकित्सालय एवं अनुसंधान केंद्र से श्वसन रोग विभाग के प्रतिनिधि एवं एनटीईपी कोर कमेटी के नोडल अधिकारी डॉ. अतुल सी. अंजन ने भी सहभागिता निभाई तथा टीबी रोगियों को फूड बास्केट वितरण में सक्रिय रूप से भाग लिया। इस अवसर पर एनटीईपी, एम्स रायपुर तथा भिलाई इस्पात संयंत्र के अधिकारीगण उपस्थित रहे।
इस अवसर पर कार्यक्रम आयोजकों ने टीबी रोग के उपचार में निक्षय पोषण मित्र के रूप में सहयोग प्रदान करने हेतु सेल एवं भिलाई इस्पात संयंत्र के प्रति आभार व्यक्त किया।
————



