बेमेतरा में सुधरेगी बिजली की व्यवस्था: 21 करोड़ की लागत से बन रहा है नया सब स्टेशन…
दुर्ग/बेमेतरा, 22 जनवरी 2026 – छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड, दुर्ग क्षेत्र के तहत बेमेतरा जिले में बिजली की बढ़ती मांग और भरपूर वोल्टेज के साथ निर्बाध बिजली सुविधा प्रदान करने के लिए विद्युत विभाग द्वारा अधोसंरचना विकास के कार्य युद्धस्तर पर किए जा रहे हैं। जिले में विशेष रूप से 132/33 के.व्ही. के बड़े सब-स्टेशन और ग्रामीण क्षेत्रों के लिए 33/11 के.व्ही. सबस्टेशन बनाने का काम शुरू हो चुका है।
बेमेतरा के बेतर में 21 करोड़ रुपये की लागत से 132/33 के.व्ही. सब-स्टेशन का निर्माण किया जा रहा है। इस परियोजना के पूरा होने से जिले के लगभग 25,000 उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली मिलेगी। यह ग्रिड दाढ़ी, उमरिया, कारेसरा, खाटी और हाथमुड़ी जैसे उप-केंद्रों को मजबूती प्रदान करेगा, जिससे बार-बार होने वाली ट्रिपिंग की समस्या खत्म होगी।
सहसपुर क्षेत्र के गांवों में भी पहुंचेगी बेहतर बिजली
132/33 के.व्ही. सब-स्टेशन के साथ-साथ, प्रदेश के मुखिया माननीय श्री विष्णुदेव साय जी द्वारा की गई घोषणा पर सहसपुर में 33/11 के.व्ही. सब-स्टेशन का निर्माण कार्य भी प्रगति पर है। यह सबस्टेशन 2.37 करोड़ रुपये की लागत से बन रहा है। इससे नौकेसा, लालपुर, सहसपुर, बुंदेली, लुक, पेंड्रावन, गोदमर्रा और रुसे जैसे ग्रामीण क्षेत्रों के 3500 उपभोक्ता लाभान्वित होंगे।
छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड, दुर्ग क्षेत्र के मुख्य अभियंता श्री संजय खंडेलवाल ने कहा कि इन दोनों ही महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर कार्य प्रगति पर है। इन विद्युत उपकेंद्रों के शुरू होने से न केवल आम उपभोक्ताओं को राहत मिलेगी, बल्कि कृषि और स्थानीय व्यवसायों को भी गुणवत्तापूर्ण बिजली मिल सकेगी। उन्होंने कहा कि विभाग का लक्ष्य इसे जल्द से जल्द पूरा करना है ताकि आने वाले गर्मी के मौसम में ग्रामीणों और किसानों को बिजली कटौती या लो-वोल्टेज की समस्या का सामना न करना पड़े।


